लालकुआँ: स्थानीय श्री आदर्श रामलीला कमेटी द्वारा नगर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान ‘चार्ली मेकओवर’ की संचालिका चन्द्रा नेगी को रामलीला मंचन में उनके उत्कृष्ट योगदान और निस्वार्थ सेवाभाव के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

चन्द्रा नेगी ने अपनी कला के हुनर से रामलीला के विभिन्न पात्रों का अत्यंत सुंदर, सजीव और मनोहारी श्रृंगार कर मंच की शोभा में चार चांद लगाए। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के काज में उनकी अटूट निष्ठा, लगन और समर्पण भाव को देखते हुए कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका भावभीना सम्मान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मंच के पीछे रहकर अपनी कला साधना से पात्रों में जीवंतता फूंकने का उनका यह कार्य सचमुच वंदनीय और प्रेरणादायक है।
सम्मान के इस गौरवपूर्ण अवसर पर अपनी होनहार बेटी की उपलब्धि पर माता-पिता का चेहरा गर्व से खिल उठा। इस दौरान चन्द्रा नेगी के पिता कुंदन सिंह नेगी, माता दीपा नेगी, रेखा नेगी और अशोक नेगी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बी. सी. भट्ट, सभासद धन सिंह बिष्ट, हेमंत पाण्डे, रौनक कनवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से चन्द्रा नेगी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके समर्पण की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


