विशेष संवाददाता | बेरीपड़ाव/हल्द्वानी
सुबह का सन्नाटा और एक विद्यालय का शांत परिसर, लेकिन तभी कैमरे और ग्रामीणों की नज़रों में कैद हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर! बेरीपड़ाव क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर चौम्वाल स्थित बी.सी. रजवार मेमोरियल पब्लिक स्कूल के आंगन में सुबह करीब 6:15 बजे एक विशालकाय तेंदुए को बेखौफ घूमते देखा गया। इससे पूर्व भी रात लगभग 8:00 बजे यह शिकारी इसी परिसर के आसपास मंडराता नजर आया था। दिन का उजाला होते ही तेंदुआ पास के गन्ने के घने खेतों और झाड़ियों में जा छिपा, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और ड्रोन से हाई-टेक सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने बिना किसी देरी के तत्परता दिखाई और मौके पर मोर्चा संभाल लिया। विभाग के इस त्वरित एक्शन की ग्रामीणों ने मुक्तकंठ से सराहना की है। गन्ने के घने खेतों में छिपे तेंदुए की टोह लेने के लिए वन विभाग ने आसमान में आधुनिक ड्रोन कैमरे उतारे।
सघन सर्च अभियान के दौरान तेंदुए ने टीम को खूब छकाया। जमीन पर लाठी-डंडों और सुरक्षा उपकरणों के साथ वनकर्मी और आसमान में ड्रोन की नजरें गन्ने के खेतों की खाक छानती रहीं। इस हाई-टेक सर्च में फिलहाल तेंदुआ रडार में नहीं आ सका है, जिसको लेकर आज शाम को दोबारा सघन कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन चलाने का निर्णय लिया गया है।
कई गांवों में दहशत, मौके पर डटी रही टीम
क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल की अगुवाई में वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी को जनसुरक्षा हेतु औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा गया। क्षेत्र के हिम्मतपुर चौम्वाल, नत्थूपूर चौम्वाल, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर हरीसिंह, भवान सिंह नवाड़, किशनपुर सकुलिया, खड़कपुर, मोटाहल्दू और बेरीपड़ाव फार्म सहित दर्जनों गांवों में लंबे समय से तेंदुए की आवाजाही से लोग सहमे हुए हैं।
इस सर्च अभियान में वन विभाग के फोरेस्टर दीप चन्द्र आर्य, वन कर्मी स्टाफ आर.पी. जोशी, सुखबीर कौर, बलवंत सिंह जंगपांगी, भुवन सिंह फर्त्याल, हयात सिंह, प्रमोद चंद के साथ-साथ स्कूल की प्रधानाचार्या पुष्पा शर्मा, प्रियांशु भट्ट, चंदन सिंह बिष्ट, हरीश चन्द्र शर्मा, हयात सिंह बिष्ट, सूरज भट्ट सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
राजेन्द्र दुर्गापाल व वन क्षेत्राधिकारी की क्षेत्रवासियों से संयुक्त अपील
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल और वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने संयुक्त रूप से समस्त क्षेत्रवासियों से अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है:
* अकेले बाहर न निकलें: सुबह और सायं के समय गन्ने के खेतों व झाड़ियों वाले सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचें।
* बच्चों की सुरक्षा: बच्चों को अकेले स्कूल या घर से बाहर न जाने दें; उनके साथ हमेशा कोई वयस्क अवश्य रहे।
* रोशनी व आवाज का सहारा लें: शाम ढलते ही घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखें और खेतों की तरफ जाते समय लाठी-डंडे साथ रखें व आवाज करते हुए चलें।
* तुरंत सूचना दें: यदि किसी को भी वन्यजीव की कोई गतिविधि या पदचिह्न दिखाई दें, तो स्वयं जोखिम न उठाएं और तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
