लालकुआं। नियति के क्रूर और अप्रत्याशित फैसले ने आज भोर होते-होते पूरे क्षेत्र को गहरे आघात और आंसुओं में डुबो दिया। जनसेवा की मुखर आवाज़ और युवा व्यापारिक चेतना के सशक्त प्रतीक, वार्ड संख्या चार (आज़ाद नगर) निवासी दिनेश लोहनी (35 वर्ष) अब इस नश्वर संसार में नहीं रहे। बीती रात तक जो शख्सियत अपनों के बीच ऊर्जावान थी, अचानक उसकी सांसों की डोर टूट जाने की खबर से हर दिल दहल उठा है।
बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर घबराए परिजन उन्हें आनन-फानन में बरेली के उच्च चिकित्सालय ले गए। जिंदगी और मौत के बीच चले संघर्ष में चिकित्सकों के तमाम प्रयास निष्फल साबित हुए और आज तड़के हृदय गति रुकने से ज़िंदगी का कारवां हमेशा के लिए थम गया।
लोहनी परिवार के लिए यह आघात किसी प्रलय से कम नहीं है। अभी पिछले ही वर्ष परिवार ने अपने पूज्य पिता व वरिष्ठ समाजसेवी आनंद बल्लभ लोहनी को खोने का दर्द झेला था। उस पुराने ज़ख्म के भरने से पहले ही, दिवंगत वरिष्ठ युवा कांग्रेसी नेता कीर्ति लोहनी के सबसे छोटे और अविवाहित अनुज दिनेश की इस आकस्मिक रुखसती ने घर के आंगन को वीरान कर दिया है। परिजनों का क्रंदन सुन सांत्वना देने पहुंचे हर व्यक्ति का कलेजा कांप उठा।
इस जनप्रिय युवा की अंतिम यात्रा आज प्रातः 10 बजे उनके निज निवास से शुरू होगी, जिसके बाद रानीबाग स्थित पावन चित्रशिला घाट पर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
