बिंदूखत्ता में बाघ की दहशत पर वन विभाग की त्वरित कार्रवाई

ख़बर शेयर करें

 

जेसीबी से साफ कराई झाड़ियां ज्ञापन के बाद हरकत में आया वन विभाग, वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी की अगुवाई में चला सुरक्षा अभियान; ग्रामीणों ने की विभागीय तत्परता की सराहना

बिंदूखत्ता (लालकुआं):
बिंदूखत्ता के इंद्रानगर प्रथम क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बनी बाघ की दहशत के बीच वन विभाग ने त्वरित और सकारात्मक पहल की है। ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, लगाए गए दो कैमरे
वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) चन्दन सिंह अधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में नियमित दिन व रात्रि गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ा दी है। बाघ की आवाजाही और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर दो ट्रैप कैमरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही, वन विभाग द्वारा स्थानीय नागरिकों से अंधेरा होने के बाद अकेले बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सार्वजनिक अपील की गई है।
जेसीबी से हटाई गई झाड़ियां, बढ़ा विजिबिलिटी स्तर
वन क्षेत्राधिकारी चन्दन सिंह अधिकारी ने मौके पर रहकर नंदा सुनंदा मंदिर से विकासपुरी जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर उगी घनी झाड़ियों को जेसीबी मशीन लगाकर साफ करवाया। मार्ग किनारे झाड़ियों के साफ होने से राहगीरों के लिए विजिबिलिटी बेहतर होगी और जंगली जानवरों के छिपने का खतरा भी कम होगा।
ज्ञापन देकर ग्रामीणों ने बयां किया था खौफ
गौरतलब है कि विगत 21 अगस्त को इंद्रानगर प्रथम के ग्रामीणों ने प्रभागीय वनाधिकारी एवं वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बाघ के आतंक से निजात दिलाने की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बाघ की आवाजाही से भय का माहौल था और वह कई मवेशियों व पालतू जानवरों को अपना निवाला बना चुका था।
ग्रामीणों ने जताया आभार, कार्यप्रणाली को सराहा
वन विभाग की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। ज्ञापन देने वाले स्थानीय निवासी दिनेश जोशी, अजय सिंह, हेमा पांडे, कविता जोशी, गोविन्द सिंह बिष्ट, नीमा भोजक, राम सिंह कुंवर, विक्रम डोबाल, मोहन राय एवं संजय सिंह सहित समस्त ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी चन्दन सिंह अधिकारी व उनकी पूरी टीम की तत्परता और जनहितैषी कदमों की मुक्तकंठ से सराहना की है।