माँ अवंतिका की चौखट पर नतमस्तक हुए ITC यूनिट हेड प्रणव शर्मा; जानिए उस पल की पूरी कहानी जिसने छू लिया सबका दिल!

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआँ। पावन नवरात्र के पावन उत्सव पर ऐतिहासिक माँ अवंतिका देवी मंदिर का प्रांगण एक अलौकिक आध्यात्मिक आभा से दमक उठा। इस पावन अवसर पर उद्योग जगत और जन-आस्था का अनूठा समन्वय उस वक्त देखने को मिला, जब क्षेत्र के प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान आई.टी.सी. (ITC) पेपर मिल के यूनिट हेड प्रणव शर्मा एवं उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने माँ अवंतिका के दिव्य दरबार में शीश नवाया। मंदिर के मुख्य आचार्य पंडित चंद्रशेखर जोशी द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए गए इस अनुष्ठान में दोनों शीर्ष अधिकारियों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जन-कल्याण की मंगल कामना की।
दर्शन-पूजन के उपरांत भावविभोर होकर यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने कहा कि मां अवंतिका की महिमा अपरंपार है और नवरात्र के इस पवित्र कालखंड में मां के सम्मुख बैठकर उनके चरणों की रज माथे पर लगाना जीवन के सबसे सुखद व अलौकिक अनुभवों में से एक है।
प्रणव शर्मा केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा के धनी और मानवीय मूल्यों के सजग प्रहरी हैं। औद्योगिक विकास की बागडोर संभालते हुए भी वे सामाजिक संवेदनाओं और आध्यात्मिक चेतना को सर्वोपरि रखते हैं। उनकी सहज सौम्यता, लोक-कल्याणकारी सोच और नैतिक मूल्यों के प्रति अडिग निष्ठा उन्हें एक अनुकरणीय व्यक्तित्व बनाती है। मां के चरणों में उनका यह नमन उनकी सादगी, सांस्कृतिक जड़ों से गहरे जुड़ाव और अंतर्मन की पावन श्रद्धा को उजागर करता है।
वहीं, मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा के समर्पण और रचनात्मक दृष्टिकोण की भी चहुंओर भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। माँ अवंतिका मंदिर परिसर को भव्य, सुरम्य और विकसित स्वरूप देने में नरेश चन्द्रा का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। धार्मिक व सामाजिक धरोहरों के संवर्धन तथा परिसर के सुनियोजित कायाकल्प के प्रति उनकी सजगता यह दर्शाती है कि आस्था जब निस्वार्थ सेवा से जुड़ती है, तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है।
इस पावन अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित दो भव्य सिंह प्रतिमाओं, नंदी महाराज की स्थापना तथा श्रद्धालुओं को प्राकृतिक सुकून देने वाले नयनाभिराम ‘अवंतिका बगीचे’ का विधिवत लोकार्पण किया गया। इन नवीन संरचनाओं के जुड़ने से मंदिर परिसर की दिव्यता और गरिमा में अभूतपूर्व निखार आ गया है।
इस गरिमामयी समारोह के दौरान मंदिर कमेटी के संरक्षक रविशंकर तिवारी, अध्यक्ष लक्ष्मण खाती, महामंत्री भुवन पाण्डे, आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बी. सी. भट्ट, समाजसेवी पियूष मिश्रा, महा बिन्देश्वर मंदिर कमेटी (बिन्दुखत्ता) के प्रबंधक दीप जोशी, आचार्य कैलाश जोशी, गोपाल दत्त जोशी, राधे राधे सेवा समिति के अध्यक्ष संजीव शर्मा, सभासद भुवन पाण्डे, व्यापारी नेता नरेश चौधरी, विक्की रजवार, करण तिवारी, करण, रणवीर खाती, विमल चौधरी, हेमन्त करायत, कमल गिरी, वरुण पाठक, रौनक चंद, अतुल पाठक, राहुल, प्रभात, भोला, बीरू बिष्ट सहित भारी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से देर तक गुंजायमान रहा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  पर्दे के पीछे किसका 'खेल'? बिंदुखत्ता में बाहरी दखल से भड़का जनाक्रोश, क्या आर-पार की लड़ाई में एकजुट होंगे दो बड़े आंदोलन?
Ad Ad Ad Ad Ad