धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पंत द्वारा लिखित पुस्तक में मुख्यमंत्री के बाल्यकाल से शिखर तक के सफर का सजीव चित्रण; स्वर्गीय पिता सूबेदार शेर सिंह धामी को समर्पित।
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जीवन संघर्षों और प्रेरक यात्रा पर आधारित बायोग्राफी ‘संघर्ष से शिखर तक’ का विधिवत विमोचन किया। धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्री तरुण पंत द्वारा अथक परिश्रम से संकलित यह पुस्तक युवा पीढ़ी को कर्मठता और समर्पण का संदेश देती है। लेखक ने इस कृति को मुख्यमंत्री के पूज्य स्वर्गीय पिता सूबेदार श्री शेर सिंह धामी जी की स्मृति को समर्पित किया है।
पुस्तक के प्रमुख अंश व मुख्य विशेषताएं
- पिथौरागढ़ से लखनऊ तक का सफर: पुस्तक में मुख्यमंत्री धामी के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ स्थित जन्म स्थान ‘टुंडी गांव’ की माटी से लेकर उनकी कर्मभूमि व प्रारंभिक शिक्षा स्थल खटीमा-नगला और उच्च शिक्षा के केंद्र लखनऊ विश्वविद्यालय तक के सफर का अत्यंत सरल और सहज भाषा में चित्रण किया गया है।
- संघ और विद्यार्थी परिषद की पाठशाला: धामी जी के बाल्यकाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखाओं से जुड़ाव और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में छात्र राजनीति के दौरान उनके संगठनात्मक नेतृत्व के अनुभवों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।
- संस्कार और गुरुजनों की स्मृतियां: माता-पिता द्वारा दी गई प्रारंभिक शिक्षा व संस्कारों के साथ-साथ उनके स्कूल और कॉलेज के सहपाठियों एवं शिक्षकों से की गई वार्ताओं को शामिल किया गया है, जिसमें उनके अतीत और वर्तमान व्यक्तित्व पर सहकर्मियों की आत्मीय राय दर्ज है।
- राजनीतिक परिपक्वता और ओएसडी का कार्यकाल: पुस्तक में इस ऐतिहासिक प्रसंग पर भी प्रकाश डाला गया है कि विधायक बनने से पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री भगत सिंह कोश्यारी जी ने पुष्कर सिंह धामी को अपना ओएसडी (विशेष कार्याधिकारी) क्यों चुना था।
- अपनों की जुबानी संघर्ष की कहानी: प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के विचार, संघर्ष के दिनों के साथियों के संस्मरण और जन्मस्थली के ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की धामी जी के प्रति श्रद्धा व उम्मीदों को भी पुस्तक में समुचित स्थान दिया गया है।
मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर लिया आशीर्वाद
पुस्तक विमोचन के उपरांत लेखक श्री तरुण पंत ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने पुस्तक की प्रति मुख्यमंत्री को सादर भेंट कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया। पाठकों और प्रबुद्ध वर्ग ने इस प्रामाणिक व शोधपरक पुस्तक के लेखन के लिए तरुण पंत के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


