माहौल बिगाड़ने वालों को कड़ा सबक: धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में दीपक भारती गिरफ्तार, एसएसपी बोले— “सौहार्द से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”
लालकुआं (शैल शक्ति ब्यूरो): सोशल मीडिया की आड़ में समाज में वैमनस्यता फैलाने और धार्मिक सौहार्द को तार-तार करने की कोशिश करने वालों पर नैनीताल पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। फेसबुक पर हिंदू समाज के प्रति अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने वाले युवक को लालकुआं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
विरोध करने पर दी थी दूसरी आपत्तिजनक पोस्ट मिली जानकारी के अनुसार, गोला गेट (लालकुआं) निवासी दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिंदू समाज को निशाना बनाते हुए अत्यंत आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा की थी। इस पर जब हल्दूचौड़ निवासी एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे समझाने और पोस्ट हटाने को कहा, तो आरोपी ने सुधरने के बजाय उल्टा उस व्यक्ति के खिलाफ भी अमर्यादित टिप्पणी पोस्ट कर दी। हालांकि, विवाद बढ़ता देख उसने बाद में पोस्ट हटा ली, लेकिन तब तक यह मामला तूल पकड़ चुका था।
हिंदू संगठनों के आक्रोश के बाद पुलिस का एक्शन सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के वायरल होते ही क्षेत्र के विभिन्न हिंदू संगठनों में गहरा रोष फैल गया। संगठनों के प्रतिनिधियों ने तत्काल थाना लालकुआं पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं व प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के कुशल पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की।
हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने दबोचा जांच में पुष्टि होने के बाद हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी तथा आरक्षी कुबेर राणा की टीम ने आरोपी दीपक भारती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत शांति भंग व न्यूसेंस फैलाने के आरोप में वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी नैनीताल की दो टूक चेतावनी एसएसपी नैनीताल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, नफरती अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री परोसने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साइबर स्पेस में शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले हर असामाजिक तत्व से सख्ती से निपटा जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
