अवैध खनन पर शिकंजा: फर्जी नंबर प्लेट और चिप लगाकर नदी से उपखनिज निकाल रहा बिना पंजीकरण का वाहन सीज

ख़बर शेयर करें

 

अवैध खनन पर शिकंजा: फर्जी नंबर प्लेट और चिप लगाकर नदी से उपखनिज निकाल रहा बिना पंजीकरण का वाहन सीज

लालकुआँ/अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार (2 जून 2026) को मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने एक ऐसे वाहन को धर दबोचा जो दूसरे पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप लगाकर नदी से अवैध रूप से उपखनिज का उठान कर रहा था। पकड़े गए वाहन को कब्जे में लेकर डोली रेंज परिसर में सीज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर खास द्वारा सूचना दी गई थी कि एक बिना पंजीकरण वाला वाहन अवैध खनन की नीयत से नदी में गया हुआ है। प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस वाहन पर किसी अन्य पंजीकृत वाहन की नंबर प्लेट और चिप का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुखबिर की इस पुख्ता सूचना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विभागीय टीम ने मौके पर जाकर गहनता से जांच-पड़ताल की।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना बिल्कुल सही पाई गई। मौके पर एक बिना पंजीकरण वाला वाहन मौजूद था, जिस पर पंजीकृत वाहन संख्या UK06 0810 की नंबर प्लेट और चिप लगी हुई थी। इस शातिराना तरीके से वह नदी से उपखनिज भरने की फिराक में था।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को तुरंत अपनी अभिरक्षा में ले लिया। इसके पश्चात विभागीय संसाधनों की मदद से वाहन को डोली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है। फिलहाल इस मामले में विभागीय टीम द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई गतिमान है। दूसरे वाहन की चिप और नंबर प्लेट के इस तरह दुरुपयोग के खुलासे के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।