लालकुआं में राशन कार्ड सत्यापन तेज: जांच में 56 सफेद-पीले कार्ड अपात्र मिले
लालकुआं / बिंदुखत्ता:
सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और पात्र परिवारों तक सुनिश्चित करने के लिए बिंदुखत्ता क्षेत्र में प्रशासन का राशन कार्ड सत्यापन अभियान जोरों पर है। बुधवार को उपजिलाधिकारी (न्यायिक) एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देशन में गठित चार टीमों ने इंद्रानगर-प्रथम, इंद्रानगर-द्वितीय, 25 एकड़, बंगाली कॉलोनी और शास्त्री नगर में घर-घर जाकर सघन जांच की। इस दौरान कुल 461 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया, जिनमें से 56 सफेद और पीले कार्डधारक अपात्र पाए गए। प्रशासन ने इन सभी अपात्र मामलों में तत्काल प्रभाव से विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पिछले तीन दिनों से चल रहे इस व्यापक अभियान में अब तक कुल 1,698 कार्डों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 168 कार्डधारक अपात्र घोषित किए गए हैं। जांच टीमों के अनुसार, कई ऐसे परिवार भी सरकारी राशन का अनुचित लाभ ले रहे थे, जिनके सदस्य निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत हैं या अन्य लाभप्रद व्यवसायों से जुड़े हुए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन पूर्ण होने के बाद इन सभी अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, कार्रवाई के डर और बढ़ती जागरूकता के चलते क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव भी देखने को मिल रहा है। क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि कई परिवार, जो अब पात्रता की श्रेणी से बाहर हो चुके हैं, वे राशन विक्रेताओं के माध्यम से स्वेच्छा से अपने सफेद और पीले कार्ड जमा करा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपात्र होने की स्थिति में वे स्वयं अपना कार्ड सरेंडर कर दें, अन्यथा जांच में पकड़े जाने पर कार्ड निरस्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
