आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक पहाड़ के तीर्थाटन विकास में होगी मील का पत्थर सिद्ध: ललित पंत

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी/लालकुआं: देवभूमि उत्तराखंड में तीर्थाटन और आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड’ द्वारा शीघ्र ही आदि शक्ति माँ अवंतिका’ पुस्तक का प्रकाशन किया जा रहा है। संघ के सभापति एवं पूर्व राज्य मंत्री ललित पंत ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह पुस्तक पर्वतीय क्षेत्रों के तीर्थाटन विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी और श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेगी।
पूर्व राज्य मंत्री ललित पंत ने अपने विचारों में माँ अवंतिका की अनंत महिमा का उल्लेख करते हुए बताया कि कुमाऊँ के प्रवेश द्वार लालकुआं स्थित अवंतिका शक्तिपीठ केवल एक आस्था का केंद्र ही नहीं है, बल्कि उस मातृ चेतना का प्रतीक है जो भक्तों के जीवन को संरक्षण, संबल और प्रकाश प्रदान करती है। माँ अवंतिका जगतारिणी, सिद्धिदात्री और कल्याणमयी शक्ति हैं। उनके दरबार में पहुँचते ही मन स्वतः भक्तिभाव और दिव्य शांति से भर जाता है। यह पुस्तक माँ के उसी सौम्य और शक्तिमय स्वरूप, नवराज्यों की विशेष पूजा और मंदिर की जाग्रत ऊर्जा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेगी, जिससे श्रद्धालु इस पावन धाम की ओर और अधिक आकर्षित होंगे।

निरंतर जारी है आध्यात्मिक प्रकाशन का अभियान
श्री पंत ने बताया कि समिति द्वारा देवभूमि के आध्यात्मिक गौरव को सहेजने और उसका प्रसार करने के लिए निरंतर ऐसे आध्यात्मिक प्रकाशन किए जा रहे हैं। इसी पावन श्रृंखला में इससे पूर्व **’माँ बगलामुखी’** पुस्तिका का भी सफल प्रकाशन किया जा चुका है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य इन पुस्तकों के माध्यम से न केवल हमारी सनातन संस्कृति का संरक्षण करना है, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और तीर्थाटन की संभावनाओं को भी सुदृढ़ करना है।

यह भी पढ़ें 👉  अयोध्या से लालकुआँ पहुंची एक दिव्य अनुभूति, अवंतिका शक्तिपीठ में सदियों पुरानी धूनी के पुनरुद्धार के पीछे छिपा है कौन सा आध्यात्मिक रहस्य?

मुख्यमंत्रियों और साधु-संतों का मिल रहा है आशीर्वाद
नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड (32 बसन्त विहार, छोटी मुखानी, हल्द्वानी) के इस अनूठे आध्यात्मिक अभियान की हर ओर व्यापक सराहना हो रही है। इस पुनीत कार्य के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं। इसके साथ ही देश भर के अनेक प्रतिष्ठित साधु-संतों का अमूल्य आशीर्वाद भी इस अभियान को निरंतर प्राप्त हो रहा है।