लालकुआँ सांसद और पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जल्दी ही प्रकाशित होने जा रही’आदिशक्ति माँ अवन्तिका’ नामक पावन पुस्तक के प्रकाशन पर अपनी हार्दिक बधाई और अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए नैनीताल पर्यटन एवं परिवहन विकास सहकारी संघ लिमिटेड के प्रयासों की सराहना की है।
अपने विशेष शुभकामना संदेश में सांसद श्री भट्ट ने कहा कि यह पुस्तक न केवल हमारी सनातन संस्कृति, गहरी आस्था और आध्यात्मिक विरासत की संवाहक है, बल्कि देवभूमि उत्तराखण्ड की दिव्य परंपराओं को जन-जन तक पहुँचाने का एक अत्यंत सराहनीय प्रयास भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माँ अवन्तिका की महिमा, शक्ति और असीम करुणा का यह साहित्यिक रूप आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
श्री भट्ट ने आगे कहा कि यह महत्वपूर्ण प्रकाशन श्रद्धालुओं, शोधकर्ताओं और पूरे समाज के लिए एक सच्चे मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
अपने संदेश के अंत में, सांसद ने इस पावन कार्य से जुड़े सभी आयोजकों, लेखकों एवं सहयोगियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए माँ अवन्तिका से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
