अयोध्या के प्रसिद्ध बैरागी संत देवदास त्यागी ने किए माँ अवंतिका के दर्शन, सांसद अजय भट्ट ने वीडियो कॉल कर लिया आशीर्वाद
लालकुआं/नैनीताल: अयोध्या के प्रसिद्ध दिगम्बर अखाड़े के जाने-माने बैरागी संत श्री देवदास त्यागी जी ने क्षेत्र के पावन शक्तिपीठ माँ अवंतिका मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन से पूरे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक माहौल बन गया।
संत देवदास त्यागी जी ने पूरे विधि-विधान और गहरी आस्था के साथ माँ अवंतिका की पूजा-अर्चना की। माता के दर्शन के उपरांत अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि माँ अवंतिका के इस पवित्र दरबार में एक अद्भुत और अलौकिक शांति का अहसास होता है। उन्होंने इस स्थान की महिमा का बखान करते हुए कहा कि यह सिद्ध पीठ है, जहाँ पहुंचते ही मन के सभी विकार दूर हो जाते हैं और भक्तों को असीम आध्यात्मिक ऊर्जा व सुकून की प्राप्ति होती है।
सांसद अजय भट्ट ने लिया आशीर्वाद
बाबाजी के यहाँ पहुंचने की सूचना जैसे ही पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं वर्तमान सांसद श्री अजय भट्ट को मिली, उन्होंने तुरंत वीडियो कॉल के माध्यम से बाबाजी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर समिति ने किया भव्य स्वागत
मंदिर परिसर में पहुँचने पर संत देवदास त्यागी जी का भव्य स्वागत किया गया। माँ अवंतिका मंदिर कमेटी के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण खाती, मंदिर के पुजारी आचार्य चन्द्र शेखर जोशी, दुर्गा प्रसाद और तरुण बिष्ट समेत अन्य पदाधिकारियों ने संत जी का माल्यार्पण कर और उन्हें सम्मानपूर्वक अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने कहा कि अयोध्या से इतने बड़े संत का माँ अवंतिका के दरबार में आना पूरे क्षेत्र के लिए परम सौभाग्य की बात है।
श्रद्धालुओं को सुनाए भागवत कथा के प्रसंग
इस पावन अवसर पर बाबा जी ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा के सुन्दर प्रसंग सुनाकर भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने विशेष रूप से आत्मदेव, धुंधकारी व गोकर्ण की कथा का रसपान कराया। संत देवदास त्यागी जी ने मंदिर समिति के सदस्यों और उपस्थित श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद देते हुए उन्हें धर्म तथा सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंदिर से जुड़े कई श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने संत जी के दर्शन व कथा श्रवण कर असीम पुण्य लाभ कमाया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
