नैनीताल में 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का शानदार आगाज, आयुक्त दीपक रावत ने किया उद्घाटन
नैनीताल, 04 जून 2026।
पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कुमाऊं मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने फीता काटकर और हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर इस ऐतिहासिक खेल महाकुंभ का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
भव्य शोभायात्रा से हुआ खिलाड़ियों का सम्मान
उद्घाटन समारोह से पहले तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक एक विशाल और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण नैनीताल का गौरव बढ़ाने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट व ललित शाह रहे, जिन्हें एक विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में पूरे सम्मान के साथ लाया गया। माल रोड से गुजरती इस शोभायात्रा का शहरवासियों ने जगह-जगह जोरदार स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उत्सव के रंग में रंगा शहर
इस शोभायात्रा में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नर्तकों, महिला समूहों और सांस्कृतिक दलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी झांकियों ने पूरे नगर को एक उत्सव के माहौल में तब्दील कर दिया। इसके बाद डीएसए मैदान में भी स्कूली बच्चों और छोलिया दल ने शानदार रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
खेल सिखाते हैं अनुशासन और टीम भावना: दीपक रावत
मुख्य अतिथि मंडलायुक्त दीपक रावत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल सिर्फ हार-जीत का पैमाना नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का एक सशक्त मंच हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और ऐसे राष्ट्रीय आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन अवसर देते हैं। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
49 टीमें कर रही हैं प्रतिभाग
डीएसए के महासचिव मनोज जोशी ने सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता के इस ऐतिहासिक 100वें संस्करण में देशभर के विभिन्न राज्यों से 49 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य हॉकी के खेल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है।
पहला मुकाबला रुद्रपुर बनाम आगरा
प्रतियोगिता का पहला और रोमांचक उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक सरिता आर्या, दर्जा मंत्री दिनेश आर्या, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, डीएसए उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, हॉकी सचिव चंद्र लाल शाह समेत अनेक जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी और भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
