पत्रकारिता दिवस पर आदर्श प्रेस क्लब का भव्य आयोजन, महान संत एवं गौ-सेवक स्वामी रामेश्वरदास जी महाराज हुए सम्मानित
हल्दूचौड़:हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ‘आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़’ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जहाँ समाज के कई विशिष्ट लोगों को अलंकृत किया गया, वहीं इस गौरवमयी अवसर पर महान संत, सच्चे कृष्ण भक्त और गौ-धाम के प्रमुख व्यवस्थापक स्वामी रामेश्वरदास जी महाराज को भी उनके उत्कृष्ट आध्यात्मिक, सामाजिक और लोक-कल्याणकारी योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
त्याग, भक्ति और गौ-सेवा की प्रतिमूर्ति
कार्यक्रम के दौरान स्वामी रामेश्वरदास जी के तपस्वी जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि आदि काल से चली आ रही गौ-गंगा-गायत्री और गीता की महान परंपरा को स्वामी जी ने अपने जीवन में आत्मसात किया है। एक सच्चे कर्मयोगी के रूप में जनमानस में प्रसिद्ध स्वामी जी गौमाता के आशीर्वाद को शिरोधार्य मानकर सदैव गौ-सेवा में संलग्न रहते हैं। उनका सरल हृदय, हंसमुख स्वभाव और मुखमंडल का तेज पूरे आश्रम परिसर में एक भक्तिमय और शांतिपूर्ण छटा बिखेरता है, जहाँ आने वाले हर दर्शनार्थी को असीम सुख की अनुभूति होती है।
1999 में रखा था परमार्थ का नींव-पत्थर
समारोह में स्वामी जी के उस ऐतिहासिक और त्यागपूर्ण कदम का विशेष स्मरण किया गया। 25 दिसम्बर 1999 का दिन देवभूमि उत्तराखण्ड के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक अत्यंत शुभ दिन था, जब स्वामी रामेश्वरदास जी ने अपनी दिव्य कल्पना को साकार किया। उन्होंने अपनी पैतृक कृषि भूमि एवं समस्त चल-अचल संपत्ति भगवान श्री कृष्ण के चरणों में अर्पित कर ‘परमा गौशाला’ का विधिवत शुभारंभ किया था। अपने गुरुदेव श्री नव योगेन्द्र स्वामी जी महाराज व श्री नित्यानंद प्रभु महाराज के नाम से उन्होंने जिस मंदिर आश्रम का शिलान्यास किया था, वह आज लोक-कल्याण का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है।
विराट रूप ले चुका है सेवा का संकल्प
गुरुदेव के आशीर्वाद से स्थापित ‘नित्यानंद पाद आश्रम श्री श्री गौर राधा कृष्ण मंदिर परमा’ आज एक भव्य और विराट स्वरूप ले चुका है। यहाँ निराश्रितों को आश्रय, संरक्षित गोवंश की सेवा और भगवान श्री कृष्ण की अनवरत हरि चर्चा उनके जीवन का मूल ध्येय है। कलयुग के इस प्रभाव में भी स्वामी जी की दिव्य वाणी और समदर्शी स्वभाव उन्हें उसी प्रकार अलग और ऊपर रखता है, जिस प्रकार कमल का पुष्प कीचड़ से निर्लिप्त रहता है।
आदर्श प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रमोद बमेठा सहित उपस्थित पत्रकार बंधुओं और तमाम गणमान्य नागरिकों ने स्वामी रामेश्वरदास जी को इस सम्मान के लिए नमन किया। उपस्थित जनों ने एक स्वर में कहा कि स्वामी जी केवल अपने लिए नहीं बल्कि पूरे संसार के लिए जीते हैं और उनके कार्य प्राणी मात्र के लिए कल्याणकारी हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
