बिंदुखत्ता में राशन कार्डों का महासत्यापन: 736 कार्डों की जांच में 74 मिले अपात्र, कार्ड चिन्हित
सरकारी राशन डकारने वालों पर प्रशासन सख्त: तीन दिन में 114 अपात्र राशन कार्ड चिन्हित, कई लोग कर रहे सरेंडर
राशन कार्ड सत्यापन: पांच क्षेत्रों में 74 अपात्र मिले, प्रशासन की चेतावनी- ‘पात्रता नहीं तो खुद जमा करें कार्ड’
लालकुआं (बिंदुखत्ता)।
बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान में सरकारी खाद्यान्न योजनाओं के दुरुपयोग की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। बुधवार को उपजिलाधिकारी (न्यायिक) एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर गठित चार टीमों ने तिवारी नगर, शास्त्री नगर, हथीखाना, बजरी कंपनी और बंगाली कॉलोनी क्षेत्रों में घर-घर जाकर सघन जांच अभियान चलाया। दिनभर चली इस कार्रवाई में 736 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया, जिनमें 74 कार्डधारक अपात्र पाए गए। इनमें 65 पीएचएच (सफेद), 3 राज्य खाद्य योजना (पीले) तथा 6 अंत्योदय राशन कार्ड शामिल हैं। इन सभी मामलों में प्रशासन द्वारा विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज तीन दिनों में कुल 1237 राशन कार्डों की जांच के दौरान 114 कार्डधारक अपात्र मिल चुके हैं। जांच में यह बात प्रमुखता से सामने आई है कि कई ऐसे परिवार लंबे समय से सरकारी राशन का लाभ उठा रहे थे, जिनके सदस्य निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों या अन्य आय स्रोतों से अच्छी तरह जुड़े हैं। बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों के सामने आने के बाद प्रशासन ने सत्यापन अभियान की गति और बढ़ा दी है।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को देखते हुए अब कई परिवार स्वेच्छा से भी अपने सफेद एवं पीले राशन कार्ड डीलरों के पास जमा करा रहे हैं। क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने लोगों से अपील की है कि जो परिवार निर्धारित पात्रता मानकों से बाहर हो चुके हैं, वे भविष्य में किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं अपने कार्ड जमा कर दें।
गौरतलब है कि बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय तथा 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि अपात्र लोगों द्वारा राशन लेने से वास्तविक जरूरतमंद परिवारों का हक प्रभावित होता है, इसलिए यह अभियान पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि यह सत्यापन अभियान पूरे एक महीने तक जारी रहेगा। अपात्र पाए जाने वाले सभी राशन कार्ड तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएंगे और इसकी विस्तृत रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।
फोटो परिचय : तिवारी नगर, शास्त्री नगर, हथीखाना, बजरी कंपनी और बंगाली कॉलोनी में राशन कार्डों का घर-घर जाकर सत्यापन करती प्रशासनिक टीम।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
