पत्रकारिता दिवस: जब वरिष्ठ महामण्डलेश्वर श्री सोमेश्वर यति महाराज को अलंकृत कर ‘सम्मान भी हुआ सम्मानित’

ख़बर शेयर करें

 

पत्रकारिता दिवस: जब वरिष्ठ महामण्डलेश्वर श्री सोमेश्वर यति महाराज को अलंकृत कर ‘सम्मान भी हुआ सम्मानित’
हल्दूचौड़: हिंदी पत्रकारिता दिवस के पावन अवसर पर ‘आदर्श प्रेस क्लब हल्दूचौड़’ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह उस वक्त एक अलौकिक और ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब त्याग, तपस्या और करुणा की सजीव मूर्ति, वरिष्ठ महामण्डलेश्वर श्री सोमेश्वर यति महाराज जी को सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित हर व्यक्ति के हृदय के भाव यही थे कि महाराज श्री को यह अलंकरण भेंट करके आज वास्तव में सम्मान भी स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहा है’।
महान गुरु के सुयोग्य शिष्य और सरल हृदय संत
श्री अष्टादश भुजा माता महालक्ष्मी मंदिर, बेरीपड़ाव के पावन प्रांगण से निरंतर लोक कल्याण की भागीरथी बहाने वाले महामण्डलेश्वर श्री सोमेश्वर यति महाराज जी का संपूर्ण जीवन अध्यात्म और परोपकार का अद्भुत संगम है। आप परम श्रद्धेय और प्रसिद्ध ब्रह्मलीन संत बालकृष्ण महाराज जी के सुयोग्य शिष्य हैं, जिन्होंने अपने गुरु की महान आध्यात्मिक विरासत और शिक्षाओं को पूर्ण निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया है। आध्यात्मिक जगत के चमकते सूर्य और सनातन धर्म के सजग ध्वजवाहक होने के बावजूद, महाराज जी अत्यंत सरल हृदय और सहज स्वभाव के धनी हैं। उनका निर्मल, वात्सल्यपूर्ण और समदर्शी स्वरूप भक्तों के हृदय में सीधे उतर जाता है।
लोक कल्याण और अध्यात्म की अविरल धारा
समारोह में वक्ताओं ने महाराज श्री की महिमा का बखान करते हुए कहा कि वे केवल एक संत नहीं, बल्कि भटके हुए समाज को दिशा दिखाने वाले एक दिव्य प्रकाश-स्तंभ हैं। वे क्षमा, दया और शील की साक्षात् प्रतिमूर्ति हैं। बेरीपड़ाव स्थित सिद्धपीठ से वे निरंतर समाज में प्रेम, सद्भाव, धर्म और लोक कल्याण का पावन संदेश प्रसारित कर रहे हैं। उनके श्रीमुख से निकली अमृतवाणी और उनके दर्शन मात्र से ही श्रद्धालुओं के सांसारिक ताप मिट जाते हैं और मन को असीम शांति की अनुभूति होती है। वे सनातन धर्म की उच्च मर्यादाओं के रक्षक और प्राणी मात्र के परम हितैषी हैं।
आदर्श प्रेस क्लब का परम सौभाग्य
इस पावन अवसर पर आदर्श प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रमोद बमेठा सहित तमाम पत्रकार बंधुओं, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल और उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने महाराज श्री के चरण कमलों में वंदन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में यह स्वीकार किया कि महामण्डलेश्वर श्री सोमेश्वर यति महाराज जी जैसी महान और वंदनीय विभूति का सम्मान करने का अवसर मिलना आदर्श प्रेस क्लब और समस्त हल्दूचौड़ क्षेत्र के लिए अहोभाग्य और असीम गौरव का विषय है।