हाईवे पर ‘ब्लैकआउट’ से भड़के सांसद अजय भट्ट, NHAI अफसरों की लगाई क्लास, बोले- शाम ढलते ही जलनी चाहिए लाइटें

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआं। लालकुआं नगर से लेकर हल्दुचौड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) पर अक्सर स्ट्रीट लाइटें बंद रहने के कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इस अव्यवस्था को लेकर क्षेत्रवासियों ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट से शिकायत की थी।
जनता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को फोन पर जमकर फटकार लगाई। सांसद ने हाईवे पर रोजमर्रा के इस अंधेरे को अधिकारियों की ‘घोर लापरवाही’ करार दिया। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि शाम ढलते ही हाईवे की स्ट्रीट लाइटें हर हाल में जल जानी चाहिए।
सांसद की नाराजगी के बाद बैकफुट पर आए NHAI अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि स्ट्रीट लाइटों में कुछ तकनीकी खराबी आ गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस तकनीकी फॉल्ट को दूर कर लाइटें सुचारू कर दी जाएंगी।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने हल्दुचौड़ से लेकर लालकुआं नगर तक हाईवे का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, दिशा के डायरेक्टर नंदन गोस्वामी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अशोक नेगी और सभासद हेमंत पांडे समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad