बरेली, 22 जुलाई 2026। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों यथा- इज्जतनगर, बरेली सिटी, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआँ, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, रामनगर, टनकपुर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज तथा पीलीभीत सहित विभिन्न स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, शौचालय, रेलवे ट्रैक एवं अन्य यात्री सुविधाओं वाले क्षेत्रों की मशीनीकृत सफाई कराई गई। साथ ही यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने और जनभागीदारी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
ईएनएचएम एवं ऑनबोर्ड फ्रंटलाइन स्टाफ ने ‘स्वच्छता से स्वागत’ संदेश वाले बैज धारण किए, जबकि संविदा कर्मियों ने जागरूकता रैलियां निकालकर स्वच्छता का संदेश आमजन तक पहुंचाया। स्टेशनों पर बैनर एवं जन-जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए गए तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया गया।
रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों और यात्रियों की सक्रिय सहभागिता से संचालित इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों का स्वच्छ, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल वातावरण में स्वागत करना है। इज्जतनगर मंडल भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
