लक्ष्मी-नारायण एवं जगद्धात्री पूजन का विशेष महत्व, भूमि-भवन और स्वर्णाभूषण खरीदना भी शुभ
**हल्द्वानी।** अक्षय पुण्य, सुख-समृद्धि और सौभाग्य की कामना के साथ मनाया जाने वाला अक्षय नवमी महापर्व 18 नवंबर 2026, बुधवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी का दिन पूजन, अर्चन, हवन, जप, तप तथा दान-पुण्य के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है। वर्ष में आने वाली अक्षय तृतीया और अक्षय नवमी दोनों तिथियों का सनातन धर्म में विशेष महत्व है।
प्रसिद्ध कथावाचक **आचार्य नवीन चन्द्र जोशी** के अनुसार अक्षय नवमी को अबूझ मुहूर्त माना गया है। इस दिन किए गए मांगलिक कार्य, पूजन, यज्ञ, जप एवं दान का सहस्रगुणा फल प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है। यही कारण है कि अक्षय नवमी पर भूमि, भवन, सोना, चांदी, वाहन तथा आभूषण आदि की खरीदारी करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अक्षय नवमी की तिथि अहोरात्र व्यापिनी होने से इसे विशेष फलदायी माना जा रहा है। शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी से त्रेता युग का आरंभ हुआ था। इस पावन अवसर पर भगवान लक्ष्मी-नारायण के साथ जगद्धात्री देवी का पूजन भी विशेष महत्व रखता है।
### आंवले के वृक्ष की पूजा से अक्षय पुण्य
आचार्य नवीन चन्द्र जोशी के अनुसार धन-धान्य, सुख-समृद्धि, सौभाग्य तथा संतान सुख की कामना रखने वाले श्रद्धालुओं को अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष का पूजन अवश्य करना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान लक्ष्मी-नारायण का वास माना जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भगवान लक्ष्मी-नारायण का पूजन करने से मनोकामनाओं की पूर्ति तथा अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
इसी प्रकार जगत को धारण करने वाली आदि शक्ति धातृ देवी का पूजन भी इस पर्व का महत्वपूर्ण अंग है। **‘ॐ धातृदेव्यै नमः’** मंत्र से देवी का पूजन करने पर धन-धान्य, सुख-समृद्धि एवं सौभाग्य की प्राप्ति होने की धार्मिक मान्यता है।
### पितरों के निमित्त तर्पण एवं दान का विशेष महत्व
अक्षय नवमी पर पितरों के निमित्त तर्पण, दान एवं पुण्य कर्म करने का भी विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक किए गए पितृकर्म से पितृगण प्रसन्न होकर अपने वंशजों को आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
## पूजन एवं खरीदारी के लिए शुभ समय
आचार्य नवीन चन्द्र जोशी के अनुसार अक्षय नवमी पर पूजन एवं खरीदारी के लिए **प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक** का समय श्रेष्ठ माना गया है। इस दिन जप, तप एवं मंत्र साधना के लिए भी विशेष शुभ अवसर रहता है।
अक्षय नवमी का यह महापर्व श्रद्धालुओं के लिए धर्म, आस्था, दान-पुण्य और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से अक्षय पुण्य अर्जित करने का पावन अवसर है
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


