मानवता की मिसाल बने पंकज सिंह मनोला: असहाय परिवार की सहायता हेतु खटीमा से उठी संवेदना की मुहिम
पिथौरागढ़ के दिवंगत भुवन चन्द्र ओझा के परिवार के लिए आगे आए समाजसेवी पंकज सिंह मनोला, सोशल मीडिया के माध्यम से जुट रहा सहयोग
शैल शक्ति ब्यूरो
खटीमा निवासी समाजसेवी पंकज सिंह मनोला एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल बनकर सामने आए हैं। गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए वर्षों से निरंतर कार्य कर रहे पंकज सिंह मनोला अब पिथौरागढ़ जिले के एक दुःखी परिवार के सहारे के रूप में आगे आए हैं।
जानकारी के अनुसार गर्ख पिथौरागढ़ निवासी भुवन चन्द्र ओझा का अचानक निधन हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्वर्गीय भुवन चन्द्र ओझा अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। अपने पीछे वे धर्मपत्नी श्रीमती भारती ओझा एवं मात्र चार वर्षीय मासूम पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने आजीविका और भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ऐसे कठिन समय में समाजसेवी पंकज सिंह मनोला ने संवेदनशील पहल करते हुए सहायता अभियान शुरू किया है। यह मुहिम माँ कमला फाउंडेशन, खटीमा के माध्यम से चलाई जा रही है। पंकज सिंह मनोला ने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि छोटी-छोटी सहयोग राशि भी इस परिवार के लिए बड़ा सहारा बन सकती है।
उन्होंने कहा कि—
“हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि एक अच्छी धनराशि एकत्रित हो जाए, जिससे इस परिवार को भविष्य में आजीविका की समस्या से न जूझना पड़े। यह मानवता और समाज के प्रति हमारी छोटी सी जिम्मेदारी है।”

बताया जा रहा है कि सामाजिक मीडिया के माध्यम से यह सहायता अभियान तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है और अनेक लोग आगे आकर सहयोग भी कर रहे हैं। संस्था की ओर से लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे क्यूआर माध्यम से अपनी श्रद्धानुसार आर्थिक सहायता प्रदान कर परिवार का संबल बनें।
समाज में ऐसे समय में जब संवेदनाएं कम होती दिखाई देती हैं, वहीं पंकज सिंह मनोला जैसे लोग यह संदेश दे रहे हैं कि मानवता आज भी जीवित है और दुःख की घड़ी में समाज एक परिवार की तरह साथ खड़ा हो सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
