यात्री ध्यान दें: मुरादाबाद-गाजियाबाद रेलखंड पर काम के चलते कई ट्रेनें डायवर्ट, कुछ री-शेड्यूल; देखें पूरी सूची
गोरखपुर, 06 जून, 2026: उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले पिलखुआ-कुचेसर रोड रेलखण्ड पर आटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग कमीशनिंग का काम शुरू होने जा रहा है। इस रेलखंड पर होने वाले प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक कार्यों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों के परिचालन में अस्थाई बदलाव करने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, आगामी दिनों में इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, कुछ ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशनों से री-शेड्यूल किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित यानी रोककर चलाया जाएगा।
ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन:
काम के चलते कई ट्रेनें अपने नियमित मार्ग की जगह बदले हुए रास्तों से चलाई जाएंगी, जिससे ये कुछ चुनिंदा स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। 09 जून, 2026 को लालकुआं से चलने वाली गाड़ी संख्या 15059 लालकुआं-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मुरादाबाद-रूड़की-देवबन्द-गाज़ियाबाद के रास्ते चलेगी, जिससे इसका ठहराव अमरोहा एवं हापुड़ स्टेशनों पर नहीं रहेगा। 13 जून, 2026 को छपरा से चलने वाली 15115 छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस भी इसी परिवर्तित मार्ग से चलेगी और अमरोहा व हापुड़ नहीं रुकेगी। 15 जून, 2026 को चलने वाली 19602 न्यु जलपाईगुड़ी-उधना एक्सप्रेस लखनऊ-कानपुर सेंट्रल-गाज़ियाबाद के रास्ते चलेगी और बरेली जंक्शन व मुरादाबाद स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। 16 जून, 2026 को लखनऊ जंक्शन से चलने वाली 12583 लखनऊ जं.-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस भी लखनऊ जं.-कानपुर सेंट्रल-गाज़ियाबाद के रास्ते चलाई जायेगी तथा बरेली एवं मुरादाबाद नहीं रुकेगी।
इसी तरह 15 जून, 2026 को चलने वाली 12203 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल होकर जाएगी और हरदोई, बरेली जं., मुरादाबाद एवं हापुड़ स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। 16 जून, 2026 को चलने वाली 15036 काठगोदाम-दिल्ली एक्सप्रेस मुरादाबाद-रूड़की-देवबन्द-गाज़ियाबाद के रास्ते चलेगी और अमरोहा नहीं रुकेगी। 14 जून, 2026 को डिब्रूगढ़ से चलने वाली 15909 डिबु्रगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस भी लखनऊ-कानपुर सेंट्रल होकर जाएगी और बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली जं., रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ व पिलखुआ स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। वहीं, नई दिल्ली से 16 जून, 2026 को चलने वाली 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस गाज़ियाबाद-देवबन्द-रूड़की-मुरादाबाद के रास्ते चलेगी, जिससे यह पिलखुआ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, गजरौला एवं अमरोहा स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
ट्रेनों का पुनर्निर्धारण:
सफर शुरू करने वाले यात्रियों के लिए समय में बदलाव किया गया है क्योंकि ये ट्रेनें अपने शुरुआती स्टेशनों से देरी से रवाना होंगी। 07 एवं 14 जून, 2026 को सहरसा से चलने वाली 15279 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस अपने तय समय से 150 मिनट देरी से चलेगी। 07, 08 एवं 14 जून, 2026 को मुजफ्फरपुर से चलने वाली 19270 मुजफ्फरपुर-पोरबन्दर एक्सप्रेस 90 मिनट पुनर्निर्धारित की गई है। 08 एवं 15 जून, 2026 को लालकुआं से चलने वाली 22544 लालकुआं-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 60 मिनट देरी से रवाना होगी। 08 जून, 2026 को न्यु जलपाईगुड़ी से चलने वाली 19602 न्यु जलपाईगुड़ी-उधना एक्सप्रेस 150 मिनट की देरी से चलेगी।
इसके साथ ही 09 एवं 14 जून, 2026 को लखनऊ जंक्शन से चलने वाली 12583 लखनऊ जं.-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस 90 मिनट री-शेड्यूल की गई है। इसके अलावा 16 जून, 2026 को आनन्द विहार टर्मिनस से चलने वाली ट्रेनें भी प्रभावित होंगी, जिनमें गाड़ी संख्या 12584 लखनऊ जं. एक्सप्रेस 120 मिनट, गाड़ी संख्या 15060 लालकुआं एक्सप्रेस 120 मिनट और गाड़ी संख्या 12558 मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 90 मिनट की देरी से रवाना होंगी।
मार्ग में नियंत्रण:
कुछ ट्रेनों को परिचालन संबंधी कारणों से रास्ते में रोककर चलाया जाएगा। इसमें डिब्रूगढ़ से 06, 07 एवं 13 जून, 2026 को चलने वाली 20503 डिबु्रगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को मार्ग में 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। 12 जून, 2026 को डिब्रूगढ़ से चलने वाली 20505 डिबु्रगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी रास्ते में 30 मिनट रोककर चलाई जाएगी। इसके साथ ही 07 एवं 14 जून, 2026 को किशनगंज से चलने वाली 15715 किशनगंज-अजमेर एक्सप्रेस मार्ग में 90 मिनट नियंत्रित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति और समय-सारणी की जांच अवश्य कर लें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
