हल्द्वानी/यूनिवर्सल कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सात दिवसीय भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं के प्रति रुचि जागृत करना, बहुभाषिकता को बढ़ाना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप अनुभवात्मक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण को प्रोत्साहित करना था।
प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं में अभिवादन, सामान्य संवाद, वर्णमाला, संख्याएँ तथा हस्ताक्षर लिखने का अभ्यास भूमिका निर्वाह एवं फ्लैश कार्ड्स के माध्यम से कराया गया। द्वितीय दिवस की गतिविधि के अंतर्गत दैनिक जीवन में प्रयुक्त होने वाले संवाद, खरीदारी करना, रेस्तरां में भोजन ऑर्डर करना तथा यातायात संबंधी शब्दावली का अभ्यास कराया गया। तृतीय दिवस में स्थानीय संस्कृति एवं पारंपरिक नृत्य एवं गायन से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। चतुर्थ दिवस पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पारंपरिक व्यंजनों के बारे में सीखा। पंचम दिवस पर विद्यार्थियों ने स्थानीय नायकों और कलाकारों के विषय में रोचक जानकारी ग्रहण की। षष्ठम दिवस में स्थानीय भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। अंतिम दिवस में पारंपरिक खेल, शब्द-खेल, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

संपूर्ण शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं सक्रियता के साथ समस्त गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल, सांस्कृतिक समझ इत्यादि कौशलों का विकास होता है। शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
