देहरादून। उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल आज प्रांतीय अध्यक्ष ललित पंत की अगुवाई में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने माननीय मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की ओर से उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के कल्याण और सामाजिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष ललित पंत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से तीन अहम मांगों को रखा गया। इनमें सेनानी भवन के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर शीघ्र ही सेनानी सदन का शिलान्यास करने, उत्तराधिकारी पेंशन को बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रतिमाह करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों की दूसरी पीढ़ी को भी पहली पीढ़ी के समान अधिकार दिए जाने की पुरजोर वकालत की गई। इसके साथ ही सेनानी परिवारों के समक्ष आ रही अन्य व्यावहारिक समस्याओं के त्वरित समाधान का आग्रह भी किया गया।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि सरकार सेनानी परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही ठोस कदम उठाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बहुत जल्द संगठन के प्रतिनिधियों के साथ एक अलग बैठक करने का भी भरोसा दिया। मुख्यमंत्री जी के इस सकारात्मक दृष्टिकोण और संवेदनशीलता के लिए संगठन ने उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस वार्ता के दौरान समाज के कमजोर वर्गों और दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने पर भी व्यापक मंथन हुआ। प्रांतीय अध्यक्ष ललित पंत और प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक स्तर पर दिव्यांगजनों के उत्पीड़न को रोकने तथा उनके लिए एक ठोस एवं स्थाई रोजगार नीति बनाए जाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर संगठन के प्रांतीय महासचिव श्री महिपाल सिंह रावत भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
