हल्द्वानी में 5 जून से बहेगी भक्ति की रसधार, दत्तात्रेय आश्रम में होगा श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन

ख़बर शेयर करें

 

हल्द्वानी: श्री गिरिजा देवी सनातन सेवा समिति और क्षेत्रवासी भक्तजनों के विशेष सहयोग से रामपुर रोड स्थित श्री दत्तात्रेय आश्रम (अमर उजाला-दैनिक जागरण प्रेस के पास) में आगामी 5 जून से संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं श्री विष्णु सहस्रनाम पाठ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह पावन अनुष्ठान 12 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें विश्व कल्याणार्थ विशेष प्रार्थनाएं की जाएंगी।
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पावन ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास में आयोजित होने वाला यह ज्ञान यज्ञ अनन्त श्री विभूषित श्री श्री 1008 महामण्डलेश्वर स्वामी परेश यति महाराज जी की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न होगा। इस सात दिवसीय कार्यक्रम में प्रसिद्ध ज्योतिषी एवं कथा व्यास डॉ. नवीन चन्द्र जोशी जी अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे। यज्ञ में आचार्य की भूमिका श्री प्रमोद चन्द्र जोशी तथा मूल पाठ आचार्य का दायित्व प्रकाश चन्द्र जोशी जी निर्वहन करेंगे।

यह रहेगा मांगलिक कार्यक्रमों का स्वरूप

यह भी पढ़ें 👉  अयोध्या से लालकुआँ पहुंची एक दिव्य अनुभूति, अवंतिका शक्तिपीठ में सदियों पुरानी धूनी के पुनरुद्धार के पीछे छिपा है कौन सा आध्यात्मिक रहस्य?

आयोजकों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि शुक्रवार, 5 जून से गुरुवार, 11 जून तक प्रतिदिन प्रातः 7 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके पश्चात प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक नित्य पूजन पाठ होगा। वहीं, दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक कथा व्यास द्वारा कथा वाचन किया जाएगा।
अनुष्ठान के अंतिम दिन, शुक्रवार 12 जून को पूर्णाहुति होगी। इस दिन प्रातः 7 बजे से हवन, गोदान और पूर्णाहुति का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से व्यास पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसाद वितरण होगा।
आयोजक श्री गिरिजा देवी सनातन सेवा समिति और समस्त क्षेत्रवासियों ने नैनीताल जिले व आसपास के सभी धर्मानुरागी सज्जनों से अपील की है कि वे इस ज्ञान यज्ञ में सपरिवार उपस्थित होकर कथा श्रवण करें तथा तन, मन व धन से सहयोग कर पुण्य के भागी बनें।