समाज के प्रति जवाबदेह पत्रकारिता की जरूरत, लालकुआं संगोष्ठी में गूंजा संदेश
लालकुआं। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, लालकुआं द्वारा “हिंदी पत्रकारिता में सनसनी और पत्रकारों की जिम्मेदारी” विषय पर एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, बढ़ती चुनौतियों और समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि समाज में जनजागरूकता लाने और क्षेत्र के विकास को गति देने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के कारण समाज का प्रत्येक वर्ग और विभाग अपनी कार्यप्रणाली की गुणवत्ता पर ध्यान देता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में सनसनीखेज खबरों की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण पत्रकारिता के समक्ष सत्यता और विश्वसनीयता की चुनौतियां बढ़ी हैं। उन्होंने युवा एवं नवोदित पत्रकारों के नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता पर भी बल दिया।
जिला सूचनाधिकारी गिरजाशंकर जोशी ने कहा कि पत्रकारिता को संवेदनशीलता और तथ्यों के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाचारों में तथ्यपरकता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपक्षीय पत्रकारिता को समय की मांग बताते हुए कहा कि आज समाज का सबसे अधिक विश्वास समाचार पत्रों और मीडिया पर है। ऐसे में पत्रकारों का दायित्व है कि वे समाज में व्याप्त बुराइयों और समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य करें।
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश महामंत्री प्रयाग पांडे ने “हिंदी पत्रकारिता में सनसनी और पत्रकारों की जिम्मेदारी” विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवा पत्रकारों को उनके नैतिक दायित्वों और सामाजिक उत्तरदायित्वों का बोध कराया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम भी है।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष बीसी भट्ट, प्रदेश सचिव डॉ. विपिन चंद्रा, माधव पालीवाल, ओपी पांडे, जगमोहन रौतेला, उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की हल्द्वानी इकाई के अध्यक्ष संजय प्रसाद, महामंत्री दीपक भंडारी, वरिष्ठ पत्रकार भगवान सिंह गंगोला, यूनियन की लालकुआं इकाई के अध्यक्ष रंजीत बोरा, महामंत्री दीप जोशी, पत्रकार राजेश नेगी, प्रकाश जोशी, हरीश बिसौती, बसन्त पांडे, ओ.पी. अग्निहोत्री, जीवन जोशी, अजय उप्रेती, मुकेश कुमार, शैलेंद्र सिंह, अजय अनेजा, अंजलि पन्त, गीता भट्ट, शानू, संजय जोशी, जीवन गोस्वामी, मुकुल आर्य, जफर अंसारी, राजीव गुप्ता, वैभवी भट्ट, हेम जोशी, हरीश पनेरु, मुन्ना अंसारी, दीवान सिंह बिष्ट और हरीश भट्ट सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकार राजेंद्र पंत रमाकांत ने किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
