हल्दूचौड़। क्षेत्र के ग्राम जग्गीबंगर (आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स के पीछे) निवासी रिटायर्ड सूबेदार मेजर श्री जगन्नाथ चन्दोला के आवास पर उनके पौत्र चि. आर्नव (हृदय) का यज्ञोपवीत संस्कार (जनेऊ) गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार, पूरे विधि-विधान और भारी धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस मांगलिक अवसर पर संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ और विशाल प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रीमती रुचि चन्दोला एवं श्री कौस्तुब चन्दोला के सुपुत्र नव वटुक आर्नव के यज्ञोपवीत संस्कार के इस पावन अवसर पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई गणमान्य हस्तियों ने शिरकत की। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सपरिवार आयोजित इस मांगलिक कार्यक्रम में पहुंचकर वटुक आर्नव को उनके उज्ज्वल भविष्य, विद्या और सद्बुद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं व आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम सवा चार बजे भगवान गणेश की स्तुति और सुंदरकाण्ड के पाठ के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात आयोजित प्रीतिभोज में तमाम रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर दर्शनाभिलाषी श्रीमती कृष्णा चन्दोला व डॉ० उमेश चन्दोला, श्रीमती दीपा चन्दोला व श्री कमलेश चन्दोला ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत सत्कार किया। कार्यक्रम में कोमल, शुभम्, यशस्वी, गर्वित, रिद्धि और मान्या सहित चन्दोला परिवार के समस्त संबंधी और मित्रगण भारी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन में स्थानीय लोगों का भी भारी उत्साह देखने को मिला।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
