उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी के निधन, पर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक

ख़बर शेयर करें

 

उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी के निधन, पर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक
देहरादून, 19 मई 2026:
उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी जी का आज, 19 मई 2026 को आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन पर उत्तराखण्ड सरकार ने प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
उत्तराखण्ड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री जी के सम्मान में 19 मई 2026 से 21 मई 2026 तक राजकीय शोक रहेगा। इस तीन दिवसीय शोक अवधि के दौरान राज्य के सभी जनपदों के सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इसके साथ ही, प्रदेश में कोई भी शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री जी की अन्त्येष्टि 20 मई 2026 को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न कराई जाएगी। अन्त्येष्टि के दिन उनके सम्मान में राज्य सरकार के समस्त कार्यालय पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
शासन के इन निर्देशों के अनुपालन में, माध्यमिक एवं प्रारम्भिक शिक्षा उत्तराखण्ड के निदेशक द्वारा सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 20 मई 2026 को राज्य में विद्यालयी शिक्षा के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थान और कार्यालय भी बंद रहेंगे।