बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में जल एवं ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान कासगंज, लालकुआं, रामनगर एवं टनकपुर कोचिंग डिपो स्थित जल पुनर्चक्रण संयंत्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। वहीं सीबीगंज ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट में उपचारित जल के अधिकतम पुनः उपयोग पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने जल संरक्षण के प्रभावी उपायों को अपनाने तथा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में पोस्टर और बैनरों के माध्यम से जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, पुनर्चक्रण, ई-कचरा प्रबंधन तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। इसके साथ ही मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के अंतर्गत पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रेलवे प्रशासन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि सतत विकास और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है।
फोटो परिचय : विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल में आयोजित जल एवं ऊर्जा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता करते रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
