लालकुआँ के मां अवंतिका शक्तिपीठ में पक्षी संरक्षण की अनूठी पहल, परिसर में लगाए गए विशेष ‘बर्ड हाउस’
लालकुआं: शहर के प्रसिद्ध मां अवंतिका शक्तिपीठ मंदिर में गौरैया एवं अन्य पक्षियों के संरक्षण के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी और सराहनीय पहल की गई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती के नेतृत्व में, देवेंद्र सिंह जग्गी द्वारा पक्षियों के सुरक्षित आश्रय के लिए मंदिर परिसर में विशेष ‘बर्ड हाउस’ प्रदान किए गए।
भक्ति और प्रकृति का सुंदर संगम
मंदिर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न प्रकार की चिड़ियों का बसेरा रहता है। सुबह-शाम इन पक्षियों की मधुर चहचहाहट से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं मनमोहक हो उठता है। दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं के लिए प्रकृति, पक्षियों और आध्यात्म का यह अनूठा संगम विशेष आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है।
‘गौरैया बचाओ — प्रकृति सजाओ’ का आह्वान
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण खाती ने पर्यावरण जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि गौरैया और अन्य पक्षियों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से “गौरैया बचाओ — प्रकृति सजाओ”अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस पुनीत और प्रेरणादायी कार्य के लिए वहां मौजूद सभी लोगों ने देवेंद्र सिंह जग्गी जी का हार्दिक आभार और धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्रशेखर जोशी, भरत पांडे, हरीश पांडे, गोपाल जोशी एवं पुरन बिष्ट सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
