अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर देवभूमि विज्ञान समिति की अनूठी पहल, लालकुआं व्यापार मंडल को भेंट किए गए इनडोर पौधे और गमले
हल्दूचौड़। अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देवभूमि विज्ञान समिति, उत्तराखंड के तत्वाधान में एक सराहनीय और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष उपलक्ष्य में लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ के गणित विभाग में कार्यरत डॉo पूनम मियान द्वारा सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए लालकुआं व्यापार मंडल को इनडोर पौधे एवं सुंदर गमले सप्रेम प्रदान किए गए। हमारे विशेष संवाददाता रिम्पी बिष्ट की रिपोर्ट के अनुसार, डॉo पूनम मियान द्वारा केवल इस विशेष दिवस पर ही नहीं, बल्कि समय-समय पर लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फलदार एवं छायादार पौधे लगाए जाते रहे हैं, जो क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण संतुलन में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
पर्यावरण संवर्धन की दिशा में किए गए इस अनूठे प्रयास की व्यापार मंडल और स्थानीय समाज द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान लालकुआं व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री दीवान सिंह दानी ने डॉo पूनम मियान एवं देवभूमि विज्ञान समिति द्वारा किए गए इस पावन प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज के कंक्रीट के युग में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के भीतर इनडोर पौधे लगाना न सिर्फ पर्यावरण के दृष्टिकोण से बल्कि स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ऐसे प्रयासों से समाज के अन्य नागरिकों और व्यापारियों को भी प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा मिलेगी।
इस गरिमामयी और जागरूकता से भरे कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद और प्रबुद्ध व्यवसायी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉo आर. के. सेतिया, आशीष भाटिया, नारायण सिंह बिष्ट, सरदार हरबंश सिंह, महेश चौधरी, धन सिंह बिष्ट, प्रेम नाथ पंडित तथा दिनेश अग्रवाल सहित क्षेत्र के कई अन्य प्रमुख व्यवसायियों ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने प्रकृति की रक्षा करने और अपने-अपने प्रतिष्ठानों व घरों में पौधों का संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प लिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
