हल्द्वानी । उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में आयोजित हरेला महोत्सव की कड़ी में वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन रौतेला ने 21 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उनकी पुत्री हर्षिता रौतेला ‘बुलबुल’ ने भी पौधारोपण किया।
जगमोहन रौतेला ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की पर्यावरण संरक्षण की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के भौतिक संसाधनों के विकास के लिए आवश्यकता पड़ने पर कुछ वृक्षों को हटाना पड़ा, लेकिन अब उनकी भरपाई के लिए विश्वविद्यालय परिसर में पहले से भी अधिक संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे एक सराहनीय और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील पहल बताया।
इस अवसर पर जगमोहन रौतेला द्वारा स्वयं लाए गए आम और शरीफा के पौधे विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए। उल्लेखनीय है कि रौतेला परिवार 2016 से ‘बीज बिखेरो अभियान’ भी चला रहा है। जिसके तहत वे घर में लाए गए विभिन्न तरह के फलों आम, लीची, आड़ु, खुमानी, पुलम व विभिन्न फूलों के बीजों को जंगलों व बंजर भूमि पर बरसात के दिनों में बिखेरते हैं, ताकि जंगलों और खाली जगहों में फल-फूल के पौधे उग सकें और उनके बड़े होने पर जंगली जानवर व पक्षी फल-फूलों को अपने भोजन का हिस्सा बना सकें। इससे पर्यावरण में जैवविविधता भी बढ़ेगी।
कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी ने पत्रकार रौतेला द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किए जाने की सराहना की। पौधारोपण कार्यक्रम में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से विनोद कुमार बिरखानी, डॉ. अनिल कार्की, अनिल नैलवाल और मनोज कुमार उपस्थित रहे। ***
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
