शैल शक्ति ब्यूरो
हल्द्वानी। देवभूमि के पर्यावरण को हरी-भरी संजीवनी देने के लिए 14 जुलाई से एक बड़ा महाअभियान जारी है, जो अब धीरे-धीरे जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इस अनोखे अभियान की शुरुआत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी से हुई थी, जिसका आधिकारिक शुभारंभ सांसद अजय भट्ट ने किया था।
अभियान के तहत विश्वविद्यालय के कुलपति नवीन लोहनी के सहयोग से परिसर में 500 पौधे उपलब्ध कराए गए, जिन्हें हरीश जोशी, विनोद बिरखानी, विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों के साझा प्रयासों से रोपा गया।
यह अभियान केवल संस्थागत परिसरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसे सीधे जन-जन से जोड़ा जा रहा है। हल्दूचौड़, कालाढूंगी, चकलुआ, सेंट पॉल्स स्कूल, जज फार्म, दमुवाढूंगा, हंसविहार-शांतिविहार और रुद्रपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में इच्छुक लोगों को उनके घरों में लगाने के लिए पौधे भेंट किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में हल्द्वानी स्थित क्वींस पब्लिक स्कूल में बच्चों के बीच पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ अध्ययनरत 1000 बच्चों को पॉलीथीन का प्रयोग न करने और पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया गया। जिन बच्चों के घरों में पर्याप्त जगह उपलब्ध थी, उन्हें फलदार पौधे भेंट किए गए।
अभियान की कमान संभाल रहे पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी व पर्यावरणविद डॉ आशुतोष पन्त ने बताया कि मौसम और बारिश की बाधाओं के बावजूद प्रतिदिन दो से तीन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष कुल 35 हजार पौधे रोपने का बड़ा लक्ष्य तय किया गया है, जिसे सहयोगियों के बल पर सितंबर माह तक पूरा करने की उम्मीद है।
पर्यावरणविद डॉ आशुतोष पन्त का कहना है कि प्राणवायु के बिना मानव जीवन की कल्पना असंभव है। विकास की दौड़ में जिस रफ्तार से पेड़ काटे जा रहे हैं, उस अनुपात में नए पौधे नहीं लग पा रहे हैं। इसलिए हर नागरिक को प्रकृति की रक्षा के लिए खुद आगे आना होगा।
इस व्यापक अभियान को धरातल पर सफल बनाने में महेश तिवारी, कपिल राणा, मनोज पाठक, आनंद भाकुनी, गिरिश जोशी, नित्यानंद जोशी, आर पी सिंह, संजय त्यागी, संजय बिरखानी और दीपक नेगी बतौर संयोजक अहम भूमिका निभा रहे हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
