खनस्यूं की वादियों में अचानक क्यों छा गया असीम सन्नाटा… जानिए कौन सी पुण्यात्मा सदा के लिए हो गई ओझल!

ख़बर शेयर करें

भोला दत्त कफल्टिया
ओखलकाण्डा (नैनीताल):
कहते हैं कि जब किसी घर से ममता की शीतल छांव और बुजुर्गों का आशीर्वाद सदा के लिए उठ जाता है, तो सिर्फ एक परिवार ही नहीं बल्कि पूरा क्षेत्र एक अजीब-सी वीरानी में डूब जाता है। ओखलकाण्डा ब्लॉक के पर्वतीय अंचल में बसे शांत और सुरम्य गाँव खनस्यूं की हवाओं में आजकल ऐसा ही एक अमिट सन्नाटा और उदासी घुली हुई है, जिसने हर संवेदनशील दिल को झकझोर कर रख दिया है। गाँव की पहचान और मानवीय मूल्यों की साक्षात देवी मानी जाने वाली श्रीमती देवकी देवी (उम्र 80 वर्ष) गत 14 जुलाई को इस नश्वर संसार को अलविदा कहकर देवलोक गमन कर गईं। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज मैक्स अस्पताल में चल रहा था, जहाँ डॉक्टरों के तमाम प्रयासों और परिजनों की अनवरत सेवा-साधना के बावजूद नियति के क्रूर विधान के आगे सब विवश हो गए।
गत 25 जुलाई को उनके पैतृक गाँव खनस्यूं में आयोजित ‘पीपल पानी’ संस्कार के दौरान एक ऐसा करुणामय दृश्य देखने को मिला, जहाँ श्रद्धांजलि देने उमड़े सैकड़ों लोगों की आँखें नम हो गईं और हर दिल सहम-सा गया। देवगुरु बृहस्पति और स्थानीय लोक देवताओं के चरणों में अनन्य आस्था रखने वाली स्वर्गीय देवकी देवी अपने पीछे 6 पुत्रों और 2 पुत्रियों का हँसता-खेलता भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके पति श्री राम दत्त कफल्टिया जी का क्षेत्र में विशेष मान-सम्मान और प्रतिष्ठा है; वे पूर्व सैनिक रहने के साथ-साथ पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रहे हैं और आज भी निष्काम भाव से समाज सेवा में सलग्न रहते हैं। उनके सभी बच्चों में माता के उच्च धार्मिक संस्कारों और पिता के अपार स्नेह की पावन छाया स्पष्ट झलकती है। उनके सबसे बड़े पुत्र नवीन कफल्टिया सामाजिक क्षेत्र में विशेष रूप से सक्रिय हैं, जो पूर्व में बच्ची धर्मा क्षेत्र से उप ग्राम प्रधान रहे हैं और वर्तमान में भी निरंतर जनसेवा में व्यस्त रहते हैं।
उनकी इस देहावसान की खबर से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक व्यक्त करते हुए समाज सेविका रमा कफल्टिया एवं पूर्व प्रधान कमला भण्डारी ने अत्यंत भावुक स्वर में कहा कि देवकी देवी जी मानवीय मूल्यों की एक साक्षात देवी थीं, उनका सादगी भरा जीवन और स्नेही स्वभाव हर किसी के दिल में रचा-बसा था और उनका जाना पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐसी अपूर्णीय क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उनके निधन पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डाक्टर मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा, पूर्व विधायक दान सिंह भण्डारी, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेन्द्र बोरा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश पनेरू, ब्लॉक प्रमुख के डी रुवाली, पूर्व प्रधान एन डी कफल्टिया, पूर्व प्रधान कमला भण्डारी, पूर्व प्रधान नवीन परंगाई, गिरीश कफल्टिया राजू भण्डारी तथा सतीश सुयाल सहित क्षेत्र की तमाम राजनीतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक जगत से जुड़ी विभूतियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल कफल्टिया परिवार को इस असीम दुख को सहन करने का संबल प्रदान करें।
॥ ॐ शांति शांति शांति ॥