देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के विकास की भावी दिशा और आम जनता के हितों से जुड़े कई बेहद संवेदनशील विषयों को लेकर राजधानी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बैठक संपन्न हुई। धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पंत के नेतृत्व में गढ़वाल मंडल का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल राज्य के युवा और यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से भेंट करने पहुंचा। इस मुलाकात के बाद से ही प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का माहौल गरम है, क्योंकि इस बातचीत में राज्य के युवाओं, देवस्थानों की पवित्रता, किसानों और मातृशक्ति के भविष्य को लेकर कई दूरगामी विषयों पर विस्तृत मंथन हुआ।
बैठक के बाद इस बातचीत का ब्यौरा देते हुए धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पंत ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के साथ हुई यह चर्चा अत्यंत सार्थक, गंभीर और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रही। चर्चा के दौरान यह स्पष्ट रूप से झलक रहा था कि युवा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियां दिलाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयासरत हैं। इसके साथ ही, देवभूमि की आध्यात्मिक चेतना को बनाए रखने के लिए राज्य के सभी देव स्थलों के देवत्त्व की रक्षा करने और उनके सौंदर्यकरण को लेकर भी वे बेहद गंभीर नजर आ रहे हैं।
प्रदेश में विकास की रफ्तार को नए आयाम देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों की समृद्धि और महिला सशक्तिकरण की नीतियों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने की बात कही। इस दौरान मुख्यमंत्री का एक अत्यंत संवेदनशील पहलू तब सामने आया, जब उन्होंने देश की सीमा पर डटे सैनिकों के परिवारों और राज्य के युवा खिलाड़ियों के प्रति अपनी विशेष सहानुभूति और प्राथमिकता जाहिर की।

इस महत्वपूर्ण बैठक का सबसे अहम बिंदु वह स्पष्ट संदेश रहा, जो मुख्यमंत्री जी ने धामी सेना देवभूमि उत्तराखंड को दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े हर देवतुल्य उत्तराखंडी तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी योग्य व पात्र व्यक्ति को किसी भी सरकारी योजना का लाभ देने में प्रशासनिक या अन्य स्तर पर कोई आनाकानी करता है या रुकावट डालता है, तो ऐसे मामले को तुरंत उनके संज्ञान में लाया जाए ताकि उस पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
तरुण पंत ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस विजन और संवेदनशीलता से पूरे प्रतिनिधिमंडल में नया उत्साह भरा है और धामी सेना सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
