हल्द्वानी: खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशाला संपन्न, ‘सुरक्षित आहार-स्वास्थ्य का आधार’ पर दिया गया जोर
हल्द्वानी, 4 जून।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में, खाद्य सुरक्षा विभाग नैनीताल द्वारा हल्द्वानी (रामपुर रोड) के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खाद्य कारोबारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट स्वामियों, प्रबंधकों, शेफ और अन्य स्टाफ को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और 2011 के नियमों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमाऊं मंडल के खाद्य संरक्षा उपायुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत ने “सुरक्षित आहार-स्वास्थ्य का आधार” के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने गुणवत्तायुक्त और पौष्टिक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने में एफएसएसएआई (FSSAI) की भूमिका बताई। इसके साथ ही उन्होंने एफएसएसएआई लाइसेंस की अनिवार्यता, एक्सपायरी फूड आइटम की जांच और पैकेटों पर सही लेबलिंग जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी देते हुए इन मानकों का अक्षरशः पालन करने के सख्त निर्देश दिए।
वहीं, खाद्य सुरक्षा नैनीताल के सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत ने कार्यशाला में मौजूद व्यवसायियों को गुड मैन्युफैक्चरिंग और हाइजीन प्रैक्टिस (GMP/GHP) के बारे में बताया। उन्होंने साफ रसोईघर, सुरक्षित पेयजल, पैस्ट कंट्रोल, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, और ‘ईट राइट इंडिया’ कार्यक्रम के तहत ‘रूको’ (RUCO – Reused Cooking Oil) व फूड फोर्टिफिकेशन से जुड़े प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला में कुमाऊं मंडल व नैनीताल जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ-साथ होटल अमरद्वीप के महाप्रबंधक केदार सिंह मेहरा, होटल शीतल, सेवन स्टोन एंड रेस्टोरेंट, आनन्द उडुप्पीवाला, और क्ले एंड रेस्टोरेंट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के 60 से अधिक प्रतिनिधियों और खाद्य कारोबारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
