————————————————————–
०० जगमोहन रौतेला
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने शनिवार 17 अक्टूबर 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं परीक्षा संबंधी उपलब्धियों, पर्यावरण-अनुकूल पहलों, शिक्षार्थी सहायता कार्यक्रमों तथा आगामी प्रमुख आयोजनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से संपन्न कर मात्र 20 दिनों में परीक्षा परिणाम घोषित कर विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है । इसके साथ ही, जुलाई 2026 सत्र में छात्रों की प्रवेश की संख्या बढ़कर 48,444 हो गई है तथा नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय परिसर में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना, शिक्षार्थियों के लिए प्रवेश दीक्षारंभ कार्यक्रम, विश्वविद्यालय के 21वें स्थापना दिवस तथा आगामी दीक्षांत समारोह की तैयारियों की जानकारी भी उन्होंने दी।
०० परीक्षा के बाद मूल्यांकन केवल 20 दिनों में ००
मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, समन्वित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न करते हुए परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय द्वारा इस सत्र की परीक्षाओं का आयोजन 20 जुलाई से 27 अगस्त 2026 तक किया गया और केंद्रीय मूल्यांकन की प्रक्रिया 13 सितम्बर 2026 तक संचालित की गई। परीक्षा संचालन और मूल्यांकन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए विश्वविद्यालय ने परीक्षा सम्पन्न होने के बाद मात्र 17 दिनों में परीक्षा परिणाम जारी करने का उल्लेखनीय कार्य किया।
कुलपति प्रो लोहनी ने कहा कि केंद्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया को सफल बनाने में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े लगभग 300 शिक्षकों एवं प्राध्यापकों ने योगदान दिया। इनमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, गोरखपुर विश्वविद्यालय तथा रुहेलखंड विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक शामिल रहे। उत्तराखण्ड के कुमाऊँ विश्वविद्यालय एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय सहित अन्य संस्थानों के शिक्षकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण रही। विश्वविद्यालय ने सामूहिक प्रयासों, प्रभावी समन्वय और समयबद्ध कार्यप्रणाली के माध्यम से परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
०० विश्वविद्यालय के प्रति शिक्षार्थियों का बढ़ा रुझान
प्रोफेसर लोहनी ने बताया कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश के आँकड़ों में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज की गई है। जुलाई 2025 सत्र में विश्वविद्यालय में कुल 46,558 प्रवेश हुए थे, जबकि जुलाई 2026 सत्र में यह संख्या बढ़कर 48,444 हो गई। इस प्रकार कुल प्रवेश में 1,886 की वृद्धि अर्थात लगभग 4.05 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी प्रकार, नए प्रवेशों की संख्या जुलाई 2025 सत्र के 19,277 से बढ़कर जुलाई 2026 सत्र में 19,757 हो गई। ये आँकड़े विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्यक्रमों के प्रति शिक्षार्थियों की बढ़ती रुचि और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसरों की महत्ता को रेखांकित करते हैं।
०० नेपाल तक फैला प्रवेश का दायरा ०००
प्रो लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक पहुँच का विस्तार करते हुए नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की है। यह पहल भौगोलिक सीमाओं से परे उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने तथा मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अधिक से अधिक शिक्षार्थियों तक पहुँचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भविष्य में क्षेत्रीय स्तर पर शैक्षणिक सहयोग और उच्च शिक्षा के अवसरों के विस्तार की संभावनाएँ भी मजबूत होंगी।
०० ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन की स्थापना ०००
विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में विभिन्न पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय एवं ईज़ी चार्ज (EZY Charge) के सहयोग से स्थापित ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर में विद्युत वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
इसके अतिरिक्त, जुलाई माह में हरेला पर्व के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप प्रदान करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस पहल के माध्यम से परिसर में हरित क्षेत्र के विस्तार, वृक्षों के संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
००० शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम ०००
शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अध्ययन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से 18 अक्टूबर 2026 को हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) के शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के 21वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 को किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा विश्वविद्यालय का आगामी दीक्षांत समारोह 18 नवम्बर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, निदेशक सीका प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं प्रो. एम एम जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट, पत्रकारिता विभाग के निदेशक प्रो. राकेश रयाल, प्रभारी (प्रवेश) डॉ. सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


