प्रभु श्री राम के आदर्शों को जीवन में उतारें, बच्चों को बनाएं संस्कारवान: शहर कोतवाल बृज मोहन सिंह राणा श्री आदर्श रामलीला कमेटी लालकुआँ के मंच से समाज को दिया प्रेरणादायी संदेश
लालकुआँ: श्री आदर्श रामलीला कमेटी लालकुआँ के तत्वावधान में आयोजित हो रहे भव्य रामलीला महोत्सव के आठवें दिन भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। मंचन के दौरान श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए शहर कोतवाल बृज मोहन सिंह राणा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, धैर्य और सदाचार की अमर गाथा है। प्रत्येक व्यक्ति को उनके बताए मार्ग का अनुसरण कर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।
उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कोतवाल बृज मोहन सिंह राणा ने कहा कि आज के आधुनिक परिवेश में बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। परिवार ही संस्कारों की पहली पाठशाला है। यदि माता-पिता बचपन से ही बच्चों में बड़ों के प्रति आदर, सत्यनिष्ठा और सेवा का भाव जगाएंगे, तो नई पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ेगी और समाज सशक्त बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रभु राम का चरित्र हमें हर परिस्थिति में मर्यादा में रहना सिखाता है। यदि समाज में हर नागरिक उनके आदर्शों को अपना ले, तो अपराध और कुरीतियों के लिए कोई स्थान नहीं बचेगा।
कोतवाल के इन प्रेरक वचनों का पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया और पूरा प्रांगण “जय श्री राम” के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने शहर कोतवाल का आभार व्यक्त किया। आठवें दिन के मंचन में कलाकारों के सजीव अभिनय ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध किए रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, मातृशक्ति और युवा उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


