भवनकर वृद्धि और समस्याओं पर अध्यक्ष की बड़ी जनसुनवाई
लालकुआँ (नैनीताल): नगर पंचायत लालकुआँ में भवनकर (हाउस टैक्स) में वृद्धि और जनसमस्याओं को लेकर जारी असमंजस के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने सीधे जनता के बीच पहुंचकर आपत्तियों की सुनवाई की। नगरवासियों द्वारा भवनकर वृद्धि के संबंध में दिए गए आवेदनों और उठाई गई आपत्तियों पर हुई इस अहम बैठक से स्थानीय नागरिकों की निगाहें नगर पंचायत के आगामी रुख पर टिक गई हैं।
जनसुनवाई के दौरान अध्यक्ष ने संबंधित आवेदकों की समस्याओं और चिंताओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान नगर के विकास, नागरिक हितों और नगर पंचायत की आय के बीच संतुलन साधने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि नगर पंचायत का मूल उद्देश्य नगरवासियों की समस्याओं का उचित समाधान निकालना और शहर में बुनियादी जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि नगर में बेहतर स्वच्छता, सुचारु पथ-प्रकाश व्यवस्था, नियमित सफाई और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पंचायत की आय में वृद्धि होना भी आवश्यक है, ताकि शहर को नई दिशा दी जा सके।
इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई के दौरान सभी सम्मानित सभासदगण, नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


