हल्दूचौड़ में ‘बीआरडी हेल्थकेयर’ का विजया दशमी पर भव्य शुभारम्भ: डॉ० मोनिका लांगेह की सराहनीय पहल, 65 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को मिलेगा नि:शुल्क परामर्श

ख़बर शेयर करें

हल्दूचौड़ में ‘बीआरडी हेल्थकेयर’ का विजया दशमी पर भव्य शुभारम्भ: डॉ० मोनिका लांगेह की सराहनीय पहल, 65 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को मिलेगा नि:शुल्क परामर्श

हल्दूचौड़ (नैनीताल): ग्रामीण अंचल के निवासियों को सुलभ, किफायती और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के पावन संकल्प के साथ गौला रोड, नया बाजार (हल्दूचौड़) में अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र ‘बीआरडी (BRD) हेल्थकेयर’ का विजया दशमी के पावन पर्व पर विधिवत शुभारम्भ हो गया है। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में एक दशक से अधिक का कार्यानुभव रखने वाली सुप्रसिद्ध एवं संवेदनशील चिकित्सक डॉ० मोनिका लांगेह (MBBS, PGDEM, PGCMDM) द्वारा इस अस्पताल की नींव रखी गई है। मानवीय मूल्यों व सेवा भावना की अद्भुत मिसाल डॉ० मोनिका लांगेह जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती हैं।

डॉ० मोनिका लांगेह को आपातकालीन और सामान्य चिकित्सा पद्धति में 10 से अधिक वर्षों का गहन कार्यानुभव है। वे पूर्व में मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (नई दिल्ली), इंद्रप्रस्थ अपोलो (जसोला, दिल्ली), इंदिरा गांधी राजकीय चिकित्सालय (दिल्ली) तथा श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल (जम्मू) जैसे विख्यात संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  'स्वस्थ कुमाऊँ, समृद्ध उत्तराखंड': हल्दूचौड़ स्थित 'बीआरडी हेल्थकेयर' में 25 अक्टूबर को लगेगा विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर

इस चिकित्सा केंद्र की सबसे अनूठी और मानवीय विशेषता वरिष्ठ नागरिकों के लिए की गई विशेष व्यवस्था है। बुजुर्गों के सम्मान और सामाजिक सरोकार के तहत 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए डॉक्टर की परामर्श फीस पूर्णतः नि:शुल्क रखी गई है। संस्थान का ध्येय वाक्य है— “हमें आपका आशीर्वाद चाहिए, फीस नहीं।” इसके अलावा आम ग्रामीण मरीजों के लिए भी बेहद रियायती दरों पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन परामर्श व स्थिरीकरण, सामान्य चिकित्सा, बाल आपातकालीन सेवाएं, ट्रॉमा व एक्सीडेंट केयर, हृदय व न्यूरो संबंधी प्राथमिक आपातकालीन उपचार, स्त्री रोग आपातकालीन देखभाल, संक्रामक रोगों का उपचार, मधुमेह व उच्च रक्तचाप प्रबंधन, ईसीजी, नेबुलाइजेशन, ड्रेसिंग व टांके, ऑब्जर्वेशन बेड और डे-केयर आईवी थेरेपी जैसी तमाम जरूरी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही जो मरीज अस्पताल आने में असमर्थ हैं, उनके लिए घर बैठे किफायती दरों पर ऑडियो व वीडियो कॉल के माध्यम से टेलीमेडिसिन ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी शुरू की गई है।

सांसद अजय भट्ट ने फोन पर दीं शुभकामनाएं अस्पताल के शुभारम्भ के पावन अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने डॉ० मोनिका लांगेह से दूरभाष (फोन) पर वार्ता कर अस्पताल के उद्घाटन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि हल्दूचौड़ जैसे ग्रामीण क्षेत्र में उच्चस्तरीय चिकित्सा अनुभव से युक्त आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने डॉ० मोनिका लांगेह के सेवाभावी संकल्प की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  कामरेड स्वरूप सिंह दानू का निधन भाकपा माले के लिये गंभीर क्षति

उद्घाटन समारोह में जुटे गणमान्य लोग उद्घाटन के इस गरिमामय अवसर पर क्षेत्र की कई प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों ने प्रतिभाग कर डॉ० मोनिका लांगेह को इस जनहितैषी कदम के लिए साधुवाद दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व कैबिनेट मन्त्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का, प्रसिद्ध समाजसेविका संध्या डालाकोटी, किरन डालाकोटी, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश महामन्त्री दीपेन्द्र कोश्यारी, प्रसिद्ध समाजसेवी हेमवती नन्दन दुर्गापाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, डॉ० पवन दत्ता, सामाजिक कार्यकर्ता भाष्कर भट्ट, समाजसेवी रवि राणा, पूर्व अपर सचिव जीवन उप्रेती समाजसेवी शंकर जोशी तथा प्रकाश भट्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  जागेश्वर धाम में केन्द्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने सपरिवार किया रुद्राभिषेक, नीलकण्ठ धाम में संतों से लिया आशीर्वाद: बोले— 'अद्वितीय है यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा'

समारोह के समापन पर अस्पताल के शुभारम्भ पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए प्रसिद्ध समाजसेवी हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने कहा:

“चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। डॉ० मोनिका लांगेह द्वारा हल्दूचौड़ के ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना करना समूचे क्षेत्र के लिए एक अनुपम सौगात है। विशेष रूप से 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क परामर्श की व्यवस्था यह सिद्ध करती है कि यह संस्थान धनार्जन नहीं, अपितु समाज के प्रति सच्ची निष्ठा और सेवा भाव से प्रेरित होकर शुरू हुआ है। डॉ० मोनिका लांगेह का यह संवेदनशील और मानवीय कदम अत्यंत प्रेरणादायक है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ‘बीआरडी हेल्थकेयर’ क्षेत्र के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति और जरूरतमंदों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य लाभ देकर जीवन रक्षा में मील का पत्थर साबित होगा।”