लालकुआँ। नगर में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित हो रही भव्य रामलीला के छठे दिन भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। लीला के छठे दिन के मंचन का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि आईटीसी पेपर मिल के यूनिट हेड प्रणव शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा तथा वरिष्ठ समाजसेवी रवि शंकर तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर व प्रभु श्री राम के चरणों में नमन कर किया।
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि आईटीसी यूनिट हेड प्रणव शर्मा ने कहा कि प्रभु श्री राम का जीवन चरित्र संपूर्ण मानवता के लिए मर्यादा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का सर्वोत्तम मार्गदर्शक है। रामलीला जैसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक मंच हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भव्य व सुव्यवस्थित आयोजन के लिए रामलीला कमेटी की भूरी-भूरी प्रशंसा की। वहीं उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा एवं वरिष्ठ समाजसेवी रवि शंकर तिवारी ने भी आयोजन को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
शुभारंभ के पश्चात मंच पर प्रस्तुत लीला के विभिन्न प्रसंगों में स्थानीय कलाकारों ने अपने सधे हुए संवाद, उत्कृष्ट भाव-भंगिमा और जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपने शानदार प्रदर्शन से अपनी अनुपम प्रतिभा का लोहा मनवाया। दृश्य-दर-दृश्य कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति पर पंडाल में उपस्थित दर्शक भाव-विभोर हो उठे और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट व “जय श्री राम” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का कमेटी द्वारा मंगल पट्टिका व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बी. सी. भट्ट, डायरेक्टर पान सिंह बिष्ट, नवीन चन्द्र पांडे, दीवान सिंह बिष्ट, हरीश नैनवाल, रंजीत बोरा, लक्ष्मण खाती, हेमंत पांडे, राजकुमार सेतिया, दीप चन्द्र लोहनी, नरेश चौधरी, सोनू भारती, विनय रजवार, रौनक कनवाल, अभय तिवारी, किशन भट्ट, सोनू भट्ट सहित समस्त पदाधिकारी, सदस्य, क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


