लालकुआँ: विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा मण्डल ने माँ अवंतिका मंदिर परिसर में किया वृहद वृक्षारोपण

ख़बर शेयर करें

 

लालकुआँ: विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा मण्डल ने माँ अवंतिका मंदिर परिसर में किया वृहद वृक्षारोपण
लालकुआँ। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मण्डल लालकुआँ इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम नगर के प्रसिद्ध माँ अवंतिका मंदिर के प्रांगण में आयोजित किया गया, जहाँ भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के छायादार, औषधीय और फलदार पौधे रोपे। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी सुरक्षा और उचित देखरेख करने का संकल्प भी लिया
कार्यक्रम के दौरान संगठन के मुख्य पदाधिकारियों ने पर्यावरण चेतना को लेकर अपने विचार साझा किए। भाजपा मण्डल अध्यक्ष अरुण जोशी ने अपने बयान में कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग और बदलते मौसम चक्र के बीच पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सबसे बड़ी सामूहिक जिम्मेदारी है। धरती को बचाने और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ हवा देने का एकमात्र जरिया वृक्षारोपण ही है। भाजपा राजनीतिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय सरोकारों के लिए हमेशा तत्पर रहती है। माँ अवंतिका मंदिर के पावन परिसर से आज हमने जो शुरुआत की है, उसे हम पूरे क्षेत्र में आगे बढ़ाएंगे।
वहीं मण्डल महामन्त्री राजकुमार सेतिया ने अपने बयान में कहा कि प्रकृति हमें निस्वार्थ भाव से जीवन देती है, और इसे संवारना हमारा परम कर्तव्य है। अक्सर लोग पौधे लगाकर भूल जाते हैं, लेकिन हमारी इकाई ने संकल्प लिया है कि आज रोपे गए सभी पौधों की उचित देखभाल की जाएगी ताकि वे विशाल वृक्ष बन सकें। हर नागरिक को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और प्रकृति के इस कर्ज को चुकाना चाहिए।
इस वृहद वृक्षारोपण अभियान में भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा मण्डल अध्यक्ष अरुण जोशी, महामन्त्री राजकुमार सेतिया, निवर्तमान चैयरमेन पवन चौहान व लाल चन्द्र सिंह, बॉबी सम्बल, सभासद धन सिंह बिष्ट, हरीश नैनवाल, संजय अरोरा, विनोद शर्मा, जय प्रकाश सिंह, धीरज भट्ट, के. के. पाण्डे, विधायक प्रतिनिधी गोविन्द राणा और गोपाल दत्त जोशी सहित अनेकों देवतुल्य कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस मुहिम की सराहना की और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।