विकास के नए पथ पर लालकुआं विधानसभा: विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार : रोहित दुम्का

ख़बर शेयर करें

 

हल्दूचौड़ लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति निरंतर तेज हो रही है और बुनियादी सुविधाओं से लेकर बड़े ढांचागत निर्माण तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के विकासपरक दृष्टिकोण और जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तार से सराहना करते हुए कहा कि लालकुआं विधानसभा आज प्रगति और खुशहाली के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. बिष्ट के कुशल एवं समर्पित नेतृत्व के चलते क्षेत्र की दशकों पुरानी जटिल समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो रहा है।
भाजपा हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़ी लगभग ₹500 करोड़ की लागत से पेयजल, विद्युतीकरण, विद्युत सुदृढ़ीकरण, सिंचाई तथा नलकूप निर्माण एवं उनके सुदृढ़ीकरण के वृहद कार्य संपन्न व गतिमान हैं। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी कानूनी व तकनीकी रोक को हटवाकर करोड़ों रुपये के नए विद्युतीकरण कार्य स्वीकृत कराना विधायक डॉ. बिष्ट की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। इसके साथ ही वन भूमि पर दशकों से आबाद बिंदुखत्ता, बीड़खत्ता, खमारीखत्ता, हुरईखत्ता, चुनीखाल, रेखाबखत्ता, हंसपुरखत्ता, जीलासाल, सुल्ताननगरी, प्रतापनगर और बागजाला समेत 11 प्रमुख वन ग्रामों को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया भी शासन स्तर पर तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
सुगम यातायात और सड़कों का कायाकल्प
सड़क नेटवर्क की मजबूती पर प्रकाश डालते हुए हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का ने कहा कि क्षेत्र में लगभग ₹40 करोड़ की लागत से क्षतिग्रस्त सड़कों के जीर्णोद्धार और नए संपर्क मार्गों के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर संचालित है।
* हल्दूचौड़ से गोला गेट तक मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण का कार्य निरंतर प्रगति पर है।
* देवरमपुर से गोला गेट मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
* तेल डिपो गुमटी से वाया गंगापुर बी क्लास, जयपुर बीसा होते हुए मोटाहल्दू–रामपुर रोड लिंक मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
* तीनपानी से सुशीला तिवारी अस्पताल (रामपुर रोड) तक नहर कवरिंग और मार्ग चौड़ीकरण का कार्य धरातल पर आकार ले रहा है।
* तीनपानी से आईटीबीपी गुमटी, लालकुआं तक 13 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने वाला है।
* राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगला बाईपास से हल्द्वानी तक 3 अंडरपास, 4 ओवरफुट ब्रिज, दुर्घटना संभावित चौराहों व कटों के सुधारीकरण और आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना पर काम चल रहा है।
* मोतीनगर हाथीखाल रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण तथा लालकुआं रेलवे क्रॉसिंग पर बहुप्रतीक्षित आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) के निर्माण की कार्रवाई भी निरंतर गतिमान है।
पुलों का निर्माण और संपर्क मार्ग
* शेर नाला पर लगभग ₹9 करोड़ की लागत से पुल निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे बरसात के दिनों में भी ग्रामीणों का आवागमन सुगम हुआ है।
* विजयपुर गौलापार में लगभग ₹5 करोड़ की लागत से पुल निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
* श्रीलंका टापू तथा सूर्यानला नदी पर नए पुलों के निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
* चोरगलिया–सुनखड़ी–मूढ़ी–पटरानी–रीठा साहिब मार्ग तथा चोरगलिया जोग्यानाली से देवी मंदिर तक 1 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
पेयजल, सीवरेज एवं नगर सीमा विस्तार
रोहित दुम्का ने कहा कि ग्रामीणों और नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल और व्यवस्थित सीवरेज उपलब्ध कराना विधायक जी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
* बिंदुखत्ता, इंद्रानगर एवं हाटग्राम से कार रोड तक के पूरे क्षेत्र को पेयजल से संतृप्त करने के लिए ₹38 करोड़ की भारी-भरकम पेयजल योजना का कार्य जारी है।
* लालकुआं नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ₹38 करोड़ की सीवरेज लाइन बिछाए जाने की स्वीकृति मिल चुकी है।
* लालकुआं नगर पंचायत में लाइनपार, हाथीखाना और बंगाली कॉलोनी को समाहित करते हुए इसके सीमा विस्तार और इसे नगर पालिका/नगर निगम का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया पर तेजी से काम चल रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र का सशक्तिकरण
* क्षेत्र की शैक्षणिक गुणवत्ता को विस्तार देते हुए लंबे समय से प्रयासरत 11 विद्यालयों को स्थायी मान्यता दिलाई गई है।
* चंद्रावती तिवारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धौलाखेड़ा के नवीन भवन का निर्माण लगभग ₹14 करोड़ की लागत से शीघ्र प्रारंभ होने जा रहा है।
* गौलापार क्षेत्र में हल्द्वानी शहर के राजकीय महाविद्यालय के नवीन भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
* चोरगलिया इंटर कॉलेज के राजकीयकरण की प्रक्रिया निरंतर गतिमान है।
* स्वास्थ्य तंत्र को पुख्ता करते हुए बिंदुखत्ता, गौलापार और चोरगलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन सेवाओं की स्थापना तथा इनके उच्चीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
कृषि सुरक्षा, खेल और सामाजिक विकास कार्य
* काठगोदाम के पास क्षतिग्रस्त गौलापार समांतर नहर के पुनर्निर्माण हेतु ₹3.50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर ली गई है, जिसका कार्य शीघ्र शुरू होगा।
* बिंदुखत्ता एवं चोरगलिया क्षेत्र में गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भारी भू-कटाव को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षात्मक तटबंधों का निर्माण गतिमान है।
* बिंदुखत्ता एवं बरेली रोड क्षेत्र में आवारा गोवंश और जंगली जानवरों से फसलों के बचाव हेतु नई गौशाला, सोलर फेंसिंग और तारबाड़ लगाने के कार्य कराए जा रहे हैं, साथ ही गौलापार में भी नई गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है।
* युवाओं में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए शहीद सुधीर बमेठा स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है।
* सामाजिक रीति-रिवाजों और अंतिम संस्कार की बेहतर सुविधा के लिए हल्दूचौड़, लालकुआं मुक्तिधाम और गौजाजाली में आधुनिक क्रियाशालाओं का निर्माण किया जा रहा है।
भाजपा हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का ने कहा कि विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में लालकुआं विधानसभा का प्रत्येक गांव और वार्ड आधारभूत सुविधाओं से परिपूर्ण हो रहा है और विकास की यह यात्रा पूरी निष्ठा के साथ आगे भी जारी रहेगी।