जागेश्वर (अल्मोड़ा): केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री बी.एल. वर्मा ने बुधवार प्रातःकाल सपरिवार सुप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग जागेश्वर धाम पहुँचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवाधिदेव जागेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कर देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं विश्व कल्याण की मंगल कामना की।
मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक का अनुष्ठान संपन्न कराया गया। देवभूमि के इस पावन शिव धाम में सपरिवार शीश नवाकर केन्द्रीय मंत्री ने गहरी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की।
कोटूली स्थित नीलकण्ठ धाम में हुआ भव्य स्वागत जागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन के उपरांत केन्द्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा कोटूली स्थित श्री नीलकण्ठ धाम (जागनाथ आश्रम) पहुँचे। आश्रम परिसर पहुँचने पर श्री नीलकण्ठ धाम के पीठाधीश्वर पूज्य कैलाशानंद महाराज ने उनका आत्मीय व भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात महाराज जी के पावन सानिध्य में मंत्री जी ने भगवान नीलकण्ठ महादेव की विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने आश्रम द्वारा सनातन संस्कृति के संवर्धन एवं जनहित में संचालित किए जा रहे विभिन्न धार्मिक व सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी ली और इन सेवा कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की। पीठाधीश्वर कैलाशानंद महाराज ने केन्द्रीय मंत्री को जागेश्वर धाम की सिद्ध रुद्राक्ष माला व भगवा शॉल भेंट कर अपना शुभाशीर्वाद प्रदान किया।
‘यहाँ आकर मिलती है अनिर्वचनीय आत्मिक शांति’ इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि जागेश्वर धाम और नीलकण्ठ धाम का कण-कण दिव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत है। उन्होंने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड के इस पावन धाम में आकर मन को अलौकिक व अनिर्वचनीय आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। शिव की इस तपोभूमि की आध्यात्मिक तरंगें अंतःकरण को नई ऊर्जा से भर देती हैं।”
समारोह में ये रहे उपस्थित पूजन एवं दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से आचार्य गिरीश भट्ट, नीलकंठेश्वर धाम के मुख्य अर्चक आचार्य नीरज तिवारी, आचार्य निर्मल भट्ट, आचार्य अभय गौड़, पुष्कर सिंह चौहान, श्रीमती मंजू भट्ट, श्रीमती भूमिका भट्ट सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी एवं आश्रम के सेवादार व श्रद्धालु मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


