उत्तराखंड की ‘गुप्त वैष्णो देवी’: वो अलौकिक कंदरा, जहाँ कदम रखते ही काँप उठती हैं नकारात्मक शक्तियां!
शैल शक्ति ब्यूरो, कमस्यार घाटी (बागेश्वर)
उत्तराखंड के पर्वतीय सीने में एक ऐसी अलौकिक और रहस्यमयी कंदरा दफन है, जिसके गर्भ में कदम रखते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। मान्यता है कि इस कंदरा की चौखट पर आते ही नकारात्मक और तामसिक शक्तियां थर-थर काँपने लगती हैं। जनपद बागेश्वर की सुरम्य कमस्यार घाटी के ठांगा गाँव के निकट, बीहड़ और शांत वादियों के बीच स्थित माँ चण्डिका का यह पावन धाम सदियों से एक अनसुलझा रहस्य बना हुआ है। भद्रकाली मन्दिर से लगभग सात किलोमीटर दूर रावतसेरा क्षेत्र के ठांगा गाँव के समीप और कपूरी गाँव की गगनचुंबी चोटी पर स्थित गुफा में माँ भगवती शयन अवस्था में साक्षात विराजमान हैं।
प्राकृतिक बनावट, आध्यात्मिक आभा और रहस्यों से भरी इस कंदरा की तुलना जम्मू की प्रसिद्ध वैष्णो देवी गुफा से की जाती है। यदि इसे उत्तराखंड की ‘गुप्त वैष्णो देवी’ कहा जाए तो तनिक भी अतिशयोक्ति नहीं होगी। दैत्यों के संहार के उपरांत चण्डिका ने इसी गुफा को अपना विश्राम स्थल बनाया था। धर्मज्ञ महर्षि वेदव्यास ने पुराणों में इस स्थान की अलौकिक महिमा को विस्तार से उद्घाटित किया है। देवी भागवत में माँ की विराट सत्ता का बखान करते हुए स्पष्ट कहा गया है कि त्रिमूर्ति भी इन्हीं की चरण-धूलि के सहारे सृष्टि का कार्य करते हैं:
त्वदङ्घ्रिजलजोत्थरजः प्रसादैश्चण्डित्वदङ्घ्रिजलजोत्थरजः प्रसादैः। ब्रह्मा करोति सकलं भुवनं भवादौ शौरिश्च पाति खलु संहरते हरस्तु। त्वां सेवते न मनुजस्त्विह दुर्भगोऽसौ॥ वाग्देवता त्वमसि देवि सुरासुराणां वक्तुं न तेऽमरवराः प्रभवन्ति शक्ताः। त्वं चेन्मुखे वससि नैव यदैव तेषां यस्माद्भवन्ति मनुजा न हि तद्विहीनाः॥
अर्थात् हे चण्डिके! आपके चरण-कमलों की धूलि के प्रभाव से ही ब्रह्मा सृष्टि के आरम्भ में सम्पूर्ण भुवन की रचना करते हैं, विष्णु पालन करते हैं और शिव संहार करते हैं। जो मनुष्य आपकी उपासना नहीं करता, वह दुर्भाग्यशाली है। आप ही देवता और दैत्यों की वाग्देवता हैं। यदि आप वाणी बनकर मुख में न रहें तो बड़े-बड़े देवता भी बोलने में असमर्थ हो जाएँ।
नागगिरि का रहस्य और वाजपेय यज्ञ के समान पुण्य
स्कंद पुराण के मानसखण्ड अंतर्गत नवासातीसवें (89वें) अध्याय में सूत पौराणिक ऋषियों की शंकाओं का समाधान करते हुए बताते हैं कि सरयू और पूर्वी रामगंगा नदी के मध्य नागगिरि पर्वत स्थित है, जहाँ अष्टकुल नाग निवास करते हैं। इसी पर्वत के दक्षिण में सिद्धों और गन्धर्वों से सेवित वह पावन गुफा है जहाँ चण्डिका विद्यमान हैं:
सरयूरामसरितोर्मध्ये नागगिरिः स्मृतः। यत्र नागकुलान्यष्टौ निवसन्ति तपोधनाः॥ दक्षिणे तस्य गिरिजा सिद्धगन्धर्वसेविता। गुहायां चण्डिका नाम विद्यते मुनिसत्तमाः॥ चण्डिकादर्शनाद्विप्रा वाजपेयफलं भवेत्। प्राप्यते नात्र सन्देहो मया सत्यं प्रकीर्तितम्॥
व्यास ने ऋषियों को बताया कि जिस प्रकार हिमालय के शिखर तथा विंध्याचल में शिव और शक्ति की पूजा होती है, उसी श्रद्धा से इस कंदरा में देवगण देवी की आराधना करते हैं। इस गुप्त कंदरा में चण्डिका के दर्शन मात्र से वाजपेय यज्ञ के समान दुर्लभ फल की प्राप्ति होती है।
स्वर्णमयी नेवले का विस्मय और राजा दिलीप का आख्यान
इस गुफा के प्रति आकर्षण तब और गहरा जाता है जब स्कंद पुराण के नब्बेवें (90वें) अध्याय में इक्ष्वाकु वंश के चक्रवर्ती राजा दिलीप और एक अलौकिक नेवले (नकुल) के संवाद का प्रसंग सामने आता है। चण्डिका के दर्शन से तत्काल सिद्धि मिलने की पुष्टि स्वयं पुराण करते हैं:
ददाति दर्शनात् सिद्धिं चण्डिका चण्डविक्रमा। अत्राप्युदाहरन्तीममितिहासं तपोधनाः॥
राजा दिलीप जब इस क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे, तो उन्होंने एक बिल से मरकत-मणि के समान कान्तिवान स्वर्णमयी नेवले को निकलते देखा जो मनुष्यों की भांति शुद्ध संस्कृत वाणी बोल रहा था। राजा ने विस्मित होकर जब उसकी वंदना की, तो उसने राजा की पूजा ठुकरा दी। पूछने पर उस नेवले ने जो रहस्य खोला, उसने राजा को स्तब्ध कर दिया।
नेवले ने बताया कि पूर्वजन्म के पापों से वह हिंसक न्योला बना था। दण्डकारण्य में एक सर्प को खाकर वह सो रहा था कि तभी एक थके हुए पथिक का पैर उससे छू गया। उस पथिक के पैर में लगी गंगाजल से भीगी धूलि जैसे ही नेवले के मस्तक पर पड़ी, उसका शरीर दिव्य स्वर्ण में बदल गया। वह पथिक निषध देश का एक महापापी वैश्य था, जो हिमालय भ्रमण के दौरान नागपुर पर्वत पर चण्डिका की इसी गुप्त गुफा में पहुँच गया था। गुफा में चण्डिका के मात्र दर्शन से उस पापी के सारे जन्म-जन्मांतर के पाप भस्म हो गए और उसे महासिद्धि प्राप्त हुई। उसी सिद्ध पथिक के चरण-स्पर्श से नेवले की देह कंचन हो गई। राजा दिलीप ने इस कंदरा की दिव्यता समझकर चण्डिका के चरणों में शीश नवाया।
रक्तबीज व चण्ड-मुण्ड संहारिणी का विश्राम-स्थल
पुराणों में वर्णित है कि महाभयंकर दैत्यों और चण्ड-मुण्ड का वध करने के बाद भगवती ने इस बीहड़ पर्वतीय गुफा को अपना विश्राम स्थल बनाया। युद्ध भूमि में असुरों के अस्त्र-शस्त्रों को देवी ने तिनके की तरह उड़ा दिया था, जिसका प्रमाण देवी भागवत में मिलता है:
चण्डिका मुण्डनिर्मुक्तां शरवृष्टिं सुदारुणाम्। इषिकास्त्रैर्बलान्मुक्तैश्चकार तिलशः क्षणात्॥
असुर मुण्ड द्वारा बरसाई गई दारुण बाण-वर्षा को चण्डिका ने अपने सरकंडे के बाणों से क्षण भर में तिल-तिल कर काट डाला था। इस पर्वत क्षेत्र के बाईं ओर प्रवाहित होने वाली ‘धात्री नदी’ के विषय में मान्यता है कि यह देवी के चरणों से उत्पन्न हुई है। धात्री में स्नान कर गुफा में शयन मुद्रा में विराजमान देवी के दर्शन करने से जन्म-जन्मांतर के कष्ट मिट जाते हैं। आगे चलकर तुषवती और फेनिला नदियों का संगम तथा प्राचीन शिवालय इस पूरी कमस्यार घाटी को आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनाते हैं।
मंगलचण्डिका: समस्त मंगलों की अधिष्ठात्री
भगवती चण्डिका को ‘दण्डिनी’ भी कहा जाता है—अर्थात् दुष्टों को दण्ड देने वाली और साधकों को अभय प्रदान करने वाली। इन्हें ‘मंगलचण्डिका’ के रूप में पूजा जाता है क्योंकि यह समस्त विपत्तियों का नाश कर परम मंगल प्रदान करती हैं:
चण्डमुण्डप्रमथिनि दानवान्तकरे शिवे। नमस्ते विजये गङ्गे शारदे विकचानने॥
श्रीमद्देवी भागवत के अनुसार, मनु वंश में जन्मे राजा मंगल सातों द्वीपों के स्वामी थे और वे इन्हीं भगवती की अनन्य उपासना करते थे, जिससे इनका नाम मंगलचण्डिका पड़ा। सर्वप्रथम शिव ने, दूसरी बार मंगल ग्रह ने और तीसरी बार राजा मंगल ने इनका पूजन कर त्रिभुवन में ख्याति पाई थी।
ब्रह्माण्ड के कण-कण में समाए चण्डिका के अनंत रूप
श्रीमद्देवी भागवत में माँ चण्डिका के उन पावन रूपों का विस्तृत विवरण मिलता है, जिनमें वे सृष्टि के विभिन्न तीर्थों में पूजित हैं:
वाराणसी में विशालाक्षी, नैमिषारण्य में लिंगधारिणी, प्रयाग में ललिता, गन्धमादन पर्वत पर कामुकी, दक्षिण मानसरोवर में कुमुदा, उत्तर मानसरोवर में विश्वकामा, गोमन्त पर गोमती, मन्दराचल पर कामचारिणी, चैत्ररथ में मदोत्कटा, हस्तिनापुर में जयन्ती, कान्यकुब्ज में गौरी, मलयाचल पर रम्भा, एकाम्रपीठ पर कीर्तिमती, विश्वपीठ पर विश्वेश्वरी, पुष्कर में पुरुहूता, केदारपीठ में सन्मार्गदायिनी, हिमवत्पृष्ठ पर मन्दा, गोकर्ण में भद्रकर्णिका, स्थानेश्वर में भवानी, बिल्वक में बिल्वपत्रिका, श्रीशैल में माधवी, भद्रेश्वर में भद्रा, वराह पर्वत पर जया, कमलालय में कमला, रुद्रकोटि में रुद्राणी, कालंजर में काली, शालग्राम में महादेवी, शिवलिंग में जलप्रिया, महालिङ्ग में कपिला, माकोट में मुकुटेश्वरी, मायापुरी में कुमारी, सन्तानपीठ में ललिताम्बिका, गया में मंगला, पुरुषोत्तम क्षेत्र में विमला, सहस्राक्ष में उत्पलाक्षी, हिरण्याक्ष में महोत्पला, विपाशा में अमोघाक्षी, पुण्ड्रवर्धन में पाटला, सुपार्श्व में नारायणी, त्रिकूट में रुद्रसुन्दरी, विपुलक्षेत्र में विपुला, मलयाचल पर कल्याणी, सह्याद्रि पर्वत पर एकवीरा, हरिश्चन्द्र में चन्द्रिका, रामतीर्थ में रमणा, यमुना में मृगावती, कोटतीर्थ में कोटवी, माधववन में सुगन्धा, गोदावरी में त्रिसन्ध्या, गंगाद्वार में रतिप्रिया, शिवकुण्ड में शुभानन्दा, देविका तट पर नन्दिनी, द्वारका में रुक्मिणी, वृन्दावन में राधा, मथुरा में देवकी, पाताल में परमेश्वरी, चित्रकूट में सीता, विन्ध्याचल पर विन्ध्यवासिनी, करवीर क्षेत्र में महालक्ष्मी, विनायक क्षेत्र में उमा, वैद्यनाथ धाम में आरोग्या, महाकाल में महेश्वरी, उष्णतीर्थ में अभया, विन्ध्यपर्वत पर नितम्बा, माण्डव्य क्षेत्र में माण्डवी, माहेश्वरीपुर में स्वाहा, छगल में प्रचण्डा, अमरकण्टक में चण्डिका, सोमेश्वर में वरारोहा, प्रभास क्षेत्र में पुष्करावती, सरस्वतीतीर्थ में देवमाता, समुद्रतट पर पारावारा, महालय में महाभागा, पयोष्णी में पिंगलेश्वरी, कृतशौच क्षेत्र में सिंहिका, कार्तिक क्षेत्र में अतिशांकरी, उत्पलावर्तक में लोला, सोनभद्र नद संगम पर सुभद्रा, सिद्धवन में लक्ष्मी, भरताश्रमतीर्थ में अनंगा, जालन्धर पर्वत पर विश्वमुखी, किष्किन्धापर्वत पर तारा, देवदारुवन में पुष्टि, काश्मीर-मण्डल में मेधा, हिमाद्रि पर भीमा, विश्वेश्वर क्षेत्र में तुष्टि, कपालमोचनतीर्थ में शुद्धि, कामावरोहणतीर्थ में माता, शंखोद्धारतीर्थ में धारा, पिण्डारकतीर्थ में धृति, चन्द्रभागा तट पर कला, अच्छोदक्षेत्र में शिवधारिणी, वेणानदी तट पर अमृता, बदरीवन में उर्वशी, उत्तर कुरुप्रदेश में औषधि, कुशद्वीप में कुशोदका, हेमकूट पर मन्मथा, कुमुदवन में सत्यवादिनी, अश्वत्थतीर्थ में वन्दनीया, वैश्रवणालय में निधि, वेदवदनतीर्थ में गायत्री, शिव सान्निध्य में पार्वती, देवलोक में इन्द्राणी, ब्रह्मा के मुख में सरस्वती, सूर्य बिम्ब में प्रभा, मातृकाओं में वैष्णवी, सतियों में अरुन्धती, अप्सराओं में तिलोत्तमा और समस्त देहधारियों के अंतःकरण में वे ब्रह्मकला नाम से प्रतिष्ठित हैं।
शत्रुनाश और ऐश्वर्य का अचूक विधान
समस्त देवगण—ब्रह्मा, विष्णु, महेश, इन्द्र, वरुण, यम और कुबेर—शक्ति के अधीन होकर ही अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। जो साधक इस गुप्त गुफा में माँ की शरण लेता है, उसके जीवन से दारिद्र्य और भय का समूल नाश हो जाता है:
चण्डिकां चण्डरूपाञ्च चण्डमुण्डविनाशिनीम्। तां चण्डपापहरिणीं चण्डिकां पूजयाम्यहम्॥ कालिकां शत्रुनाशार्थं पूजयेद्भक्तिपूर्वकम्। ऐश्वर्यधनकामश्च चण्डिकां परिपूजयेत्॥
शत्रुओं और नकारात्मक बाधाओं के शमन के लिए कालिका स्वरूप और धन, यश व ऐश्वर्य की कामना के लिए माँ चण्डिका का अनुष्ठान अचूक माना गया है।
विकास की बाट जोहता उपेक्षित महातीर्थ
आध्यात्मिक दृष्टि से पाताल भुवनेश्वर और वैष्णो देवी के समान फलदायी होने के बावजूद बागेश्वर की कमस्यार घाटी का यह चण्डिका गुफा क्षेत्र आज भी घोर उपेक्षा का शिकार है। राज्य गठन के लगभग 22 वर्षों से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी बारी-बारी से सत्ता में आई भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की सरकारों ने पर्वतीय तीर्थस्थलों के नाम पर केवल कोरी बयानबाजी की है। तीर्थाटन विकास योजना की फाइलों में गुम यह पावन कंदरा आज बुनियादी सुविधाओं, सुगम मार्ग और पर्यटन प्रचार के अभाव में अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। यदि शासन-प्रशासन इस अलौकिक धाम की सुध ले, तो यह क्षेत्र न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकता है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका का बड़ा संबल भी बन सकता है।
— रमाकान्त पन्त
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


