पाताल लोक में दीपावली का अलौकिक उत्सव: गंगोलीहाट के रहस्यमयी पाताल भुवनेश्वर में दीपों से जगमगाई शिव की माया नगरी
देवभूमि उत्तराखण्ड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ अंतर्गत गंगोलीहाट क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध एवं रहस्यमयी तीर्थ पाताल भुवनेश्वर में दीपावली का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नीलम भण्डारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पाताल लोक के इस पावन धाम में पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दीपोत्सव का आयोजन संपन्न हुआ।
धरती की सतह से लगभग 90 फीट नीचे 82 संकरी सीढ़ियां उतरकर जंजीरों के सहारे जब श्रद्धालु इस गुफा के प्रथम तल में पहुंचते हैं, तो साक्षात पाताल लोक में प्रवेश की अनुभूति होती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह गुफा पाताल लोक का सीधा मार्ग मानी जाती है, जिसके नीचे कुल सात तल यानी लोक विद्यमान हैं। धार्मिक दृष्टि से कठिन जप-तप और साधना करने वाले सिद्ध योगियों को ही इसके गहरे रहस्यों का साक्षात्कार हो पाता है। सुरक्षा और धार्मिक मर्यादाओं के दृष्टिगत वर्तमान में प्रथम तल तक ही दर्शन और पूजन की व्यवस्था है।
स्कंद पुराण के मानस खंड के अनुसार, पाताल लोक के इस अलौकिक धाम में तैंतीस कोटि देवी-देवता भुवनेश्वर महादेव की नित्य उपासना हेतु वास करते हैं। गुफा के भीतर कदम रखते ही क्षेत्रपाल के रूप में शेषनाग के विशाल फन और विषकुंड के दर्शन होते हैं। इसी पाताल लोक में राजा परीक्षित के पुत्र जनमेजय द्वारा किए गए ऐतिहासिक नाग यज्ञ के पौराणिक साक्ष्य शिलाखंडों पर जीवंत प्रतीत होते हैं। थोड़ा आगे बढ़ने पर आदि गणेश की सिरविहीन प्रतिमा के ऊपर 108 पंखुड़ियों वाला ब्रह्मकमल सुशोभित है, जिससे निरंतर जल की बूंदें टपकती हैं।
गुफा के भीतर पाताल चंद्रिका, बद्री पंचायत, केदारनाथ, कालभैरव की जीभ, पारिजात वृक्ष, अमृत कुंड तथा कामधेनु गाय की धारा के साथ-साथ चारों युगों के प्रतीक लिंग रूप में स्थापित हैं। मान्यता है कि महाभारत काल के अंत में पांडवों ने स्वर्गारोहण से पूर्व इसी पाताल लोक में भगवान शिव के साथ चौपड़ की लीला रची थी। सन् 822 में आदि जगद्गुरु शंकराचार्य ने इस परम शक्ति को कीलित कर समीपवर्ती भंडारी परंपरा को नित्य पूजा-अर्चना का दायित्व सौंपा था, जिसका निर्वहन आज भी श्रद्धापूर्वक किया जा रहा है।
दीपावली के महापर्व पर गुफा परिसर और मंदिर प्रांगण दीपों की आभा से आलोकित रहा। पाताल में विराजित शिव शक्ति के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर समूचा पाताल भुवनेश्वर क्षेत्र दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
(प्रस्तुति एवं आलेख: रमाकान्त पन्त)
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


