19 साल का बेबाक सफर और लोकतंत्र का वो सच… जिसके लिए लालकुआं में जुटे दिग्गज!

ख़बर शेयर करें

 

 

समाचार पत्र के 19 वर्ष पूर्ण होने पर लालकुआं में भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन, निष्पक्ष पत्रकारिता को बताया गया लोकतंत्र की असली ताकत
लालकुआं। फाइनल कॉल समाचार पत्र के सफलतापूर्वक 19 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को एक भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, सामाजिक सरोकार, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा डिजिटल दौर में क्षेत्रीय पत्रकारिता के समक्ष खड़ी चुनौतियों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ चन्द्रिका बिष्ट एवं सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम का संचालन आयुषी भट्ट द्वारा बेहद शानदार, ऊर्जावान और प्रभावी ढंग से किया गया। उन्होंने अपनी उत्कृष्ट वाकपटुता, सधे हुए शब्दों और बेहतरीन मंच प्रबंधन से पूरे कार्यक्रम में समां बांधे रखा, जिसकी उपस्थित सभी दिग्गजों और श्रोताओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए चन्द्रिका बिष्ट ने समाचार पत्र के 19 वर्षों के गौरवपूर्ण सफर की सराहना की और कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता ही लोकतंत्र को जीवित रख सकती है। कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख अतिथी वरिष्ठ महामण्डलेश्वर सोमेश्वर यति महाराज व विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रीय समाचार पत्र आमजन की आवाज बनकर स्थानीय समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। वहीं पूर्व विधायक नवीन दुम्का और दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर ने कहा कि डिजिटल मीडिया के इस दौर में समाचारों की विश्वसनीयता और तथ्यपरकता बनाए रखना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे इस समाचार पत्र ने बखूबी निभाया है।
इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता कमलेश चंदोला, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल और कुंदन सिंह मेहता ने पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना ही सच्ची पत्रकारिता है। गोष्ठी में उपस्थित संध्या डालाकोटी, प्रचारिका बाई, महात्मा आलोकानंद तथा गोपीनाथ ने भी अपने सारगर्भित विचार साझा किए। उन्होंने बदलते दौर में क्षेत्रीय पत्रकारिता के समक्ष आ रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान सभी वक्ताओं ने मंच पर मौजूद आयुषी भट्ट के गरिमापूर्ण एवं कुशल संचालन की भी विशेष रूप से प्रशंसा की और कहा कि उनकी अनूठी प्रस्तुति ने इस बौद्धिक विमर्श को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक एवं समाचार पत्र के संपादक अजय उप्रेती ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए अपने धन्यवाद विचार रखे। उन्होंने कहा कि 19 वर्षों की यह सफल पत्रकारिता यात्रा पाठकों के विश्वास, सहयोगियों के परिश्रम और जनता के अटूट प्यार के बिना संभव नहीं थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी समाचार पत्र पूरी निष्पक्षता और निडरता के साथ जनहित की आवाज उठाता रहेगा।
इस गौरवशाली अवसर पर सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, जीवन कबडवाल, राजेन्द्र पांडे  बीना जोशी और मीना रावत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं पत्रकार जगत से बीसी भट्ट, राजेश नेगी, प्रकाश जोशी, रमाकांत पंत, भोला दत्त कफल्टिया, हरीश भट्ट, तिलकधारी, शैलेन्द्र कुमार, भुवन रुवाली, गीता भट्ट, मुकेश कुमार, गौतम भट्ट, गौरव, मुजाहिर खान, अजय अनेजा, रिम्पी बिष्ट और देवेंद्र भंडारी सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने संपादक अजय उप्रेती को इस ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंचने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।