5 साल बेमिसाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे किए सेवा के 5 वर्ष, ‘धामी सेना’ ने कहा— कल से शुरू होगा इतिहास का नया अध्याय
देहरादून उत्तराखंड के यशस्वी और युवा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जनसेवक के रूप में सफल 5 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर ‘धामी सेना देवभूमि उत्तराखंड’ में भारी उत्साह है। इस ऐतिहासिक अवसर पर धामी सेना के प्रदेश अध्यक्ष तरुण पंत ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल को ‘5 साल बेमिसाल’ बताते हुए उनके कुशल नेतृत्व की जमकर सराहना की है।
प्रदेश अध्यक्ष तरुण पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि आज ही के दिन, 4 जुलाई 2021 को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने युवा नेता पुष्कर सिंह धामी पर भरोसा जताते हुए उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। अपनी अद्भुत कार्यकुशलता, कड़े परिश्रम और जन-कल्याणकारी नीतियों से उन्होंने बेहद कम समय में केंद्रीय नेतृत्व और राज्य की जनता का दिल जीता। इसी का परिणाम रहा कि वर्ष 2022 के चुनावों के बाद उन्हें दोबारा पूर्ण विश्वास के साथ मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी गई।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नाम कई गौरवशाली रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं। वह उत्तराखंड में 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। इससे पूर्व उत्तराखंड के इतिहास में यह रिकॉर्ड केवल कुशल राजनीतिज्ञ स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी के नाम था। इसके साथ ही, मात्र 45 वर्ष की आयु में सूबे के मुखिया बनने वाले श्री धामी राज्य के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री और सबसे कम आयु में 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले पहले नेता भी बन गए हैं।
तरुण पंत ने बताया कि कल, यानी 5 जुलाई 2026 से मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड की राजनीति में एक नया इतिहास लिखने जा रहे हैं, जिसके तहत वे 5 साल से अधिक समय तक लगातार मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा करने वाले नेता बनेंगे। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भी श्री पुष्कर सिंह धामी ही राज्य के युवा मुख्यमंत्री होंगे।
धामी सेना के अध्यक्ष ने दृढ़ता के साथ कहा कि मुख्यमंत्री धामी आगामी 11 वर्षों तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में देवतुल्य जनता की सेवा करते रहेंगे और देवभूमि के देवत्व की रक्षा करेंगे। इसके पश्चात वे राष्ट्रीय राजनीति में भी एक बड़ा और उच्च मुकाम हासिल कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
