लालकुआँ। “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन केवल पूजनीय ही नहीं, बल्कि हर युग में संपूर्ण मानव जाति के लिए अनुकरणीय है। उनके बताए सत्य, त्याग और मर्यादा के मार्ग को जब तक हम अपने व्यक्तिगत व सामाजिक आचरण में नहीं उतारेंगे, तब तक एक समरस समाज की कल्पना संभव नहीं है।”
यह प्रेरक उद्गार क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने नगर के आंबेडकर पार्क में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस पावन लीला का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, विशिष्ट अतिथि पंजाबी महासभा के अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह तथा वरिष्ठ समाजसेवी राकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि सरदार गुरदीप सिंह व राकेश गुप्ता ने कहा कि रामलीला मंचन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की धरोहर है, जो असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की शाश्वत विजय का संदेश देती है। आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और नैतिक मूल्यों से जोड़े रखने के लिए ऐसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों की महती आवश्यकता है।
नारद मोह और राम जन्म की सुंदर प्रस्तुति उद्घाटन के उपरांत प्रथम निशा के मंचन में स्थानीय कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देवर्षि नारद के मोह का प्रसंग, रावण, कुंभकर्ण और विभीषण द्वारा कठोर तपस्या कर भगवान शिव से वरदान प्राप्त करने के दृश्य तथा प्रभु श्रीराम के प्राकट्य (राम जन्म) के अलौकिक प्रसंग का सजीव मंचन किया गया।
मंचन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने देवर्षि नारद की भूमिका निभाकर अपनी प्रभावी संवाद अदायगी से खूब वाहवाही लूटी, वहीं वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सेतिया ने भगवान शिव के दिव्य स्वरूप में सशक्त अभिनय प्रस्तुत किया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बी. सी. भट्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नगर व क्षेत्रवासियों से प्रतिदिन इस पावन रामयज्ञ में सपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, अधिवक्ता हरीश नैनवाल, लीला निदेशक पान सिंह बिष्ट, धन सिंह बिष्ट, हेमंत पांडे, राजेंद्र सिंह रजवार, बॉबी संभल, नंदन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति और रामभक्त उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


