हल्दूचौड़।
इस वर्ष हल्दूचौड़ में होने वाली श्री रामलीला को लेकर उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है। आदर्श प्राथमिक विद्यालय (रामलीला मैदान) स्थित कार्यालय में मंगलवार को श्री रामलीला कमेटी की एक बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष कैलाश चन्द्र दुम्का ने की। इस बैठक में कुछ ऐसे बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, जो इस बार की रामलीला को पहले से कहीं अधिक भव्य और यादगार बनाने वाले हैं।
बैठक की शुरुआत में सबसे पहले पिछली कार्यवाहियों की समीक्षा की गई और कमेटी के आय-व्यय का लेखा-जोखा सबके सामने रखा गया। बैंक खाते में जमा 64,241 रुपये की आय को पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके बाद कमेटी ने उस तारीख का ऐलान किया जिसका क्षेत्रवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
इस बार आगामी शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर 11 अक्टूबर 2026 से प्रभु श्री राम की लीलाओं का शिलान्यास यानी शुभारम्भ होने जा रहा है। यह भव्य मंचन 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी के त्योहार तक लगातार चलेगा, जिसमें दर्शकों को भक्ति और कला का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
इस बार केवल रामलीला ही खास नहीं होगी, बल्कि रामलीला मंच का स्वरूप भी बदलने जा रहा है। माननीय विधायक जी द्वारा स्वीकृत विधायक निधि से यहाँ एक आधुनिक टीन सैट का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। बैठक में तय किया गया कि जल्द ही शिलान्यास की तिथि घोषित कर निर्माण कार्य को तीव्र गति से अमलीजामा पहनाया जाएगा। बाकी बचे हुए अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथियां आगामी बैठक में तय की जाएंगी।
कमेटी की एकजुटता और इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के संकल्प के साक्षी क्षेत्र के कई गणमान्य लोग बने। इस महत्वपूर्ण बैठक में संरक्षक उमेश चन्द कबड्वाल, अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुम्का, दया किशन कबडवाल, हेमवती नंदन दुर्गापाल, उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष हरीश सिंह बिस्ट, भुबन सिंह पवार, दया किशन बमेटा, कोषाध्यक्ष चंद्रबल्ल खोलिया, मनोज कोठारी, कैलाश बमेटा, कार्तिक बमेटा, योगेश दुम्का, कपिल राणा, पवन दुम्का, विजय दुम्का, राहुल दुम्का और महेंद्र सरदार सहित कमेटी के सभी पदाधिकारी व सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
