पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल और रचनात्मक गतिविधियों ने मोहा मन, टोकन व्यवस्था से सुगम रहा आयोजन
हल्द्वानी, 14 नवंबर। बाल दिवस के पावन अवसर पर यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा सजाए गए विविध रचनात्मक, मनोरंजक और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉलों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
व्यंजनों की महक और उत्तराखंडी संस्कृति की झलक मेले का मुख्य आकर्षण खेलकूद, कला और खान-पान से जुड़े स्टॉल रहे। परिसर में लगे गेम्स, चाउमीन-मोमो, शेक एवं रोल, चाट कॉर्नर, फूड चैलेंज, आर्ट एंड क्राफ्ट, पोर्ट्रेट, क्रोशिया और पुस्तक प्रदर्शनी के स्टॉलों पर दिनभर बच्चों की भीड़ उमड़ी रही। इनमें विशेष रूप से ‘पहाड़ी कॉर्नर’ आकर्षण का केंद्र रहा, जिसके माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक खान-पान संस्कृति की मनोहारी झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष टोकन व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्होंने अपनी पसंदीदा गतिविधियों और व्यंजनों का भरपूर आनंद उठाया।
ड्रोन तकनीक का मिला प्रयोगात्मक ज्ञान मनोरंजन के साथ-साथ मेले में ज्ञानवर्धक गतिविधियां भी शामिल रहीं। आयोजन में ‘एरो स्टार’ के गणमान्य सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक से संबंधित जानकारी प्रयोगात्मक रूप से प्रदान की गई। बच्चों ने बड़े उत्साह और जिज्ञासा के साथ इस सत्र में प्रतिभाग कर आधुनिक तकनीक की बारीकियों को समझा।
शिक्षकों का समर्पण और जीवनोपयोगी सीख कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रातःकाल से ही शिक्षकों ने प्रदर्शन पट्टों की सजावट और स्टॉल व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप दिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, समन्वय और बेहतरीन प्रबंधन देखने को मिला। यह मेला बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए उन्होंने आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता, टीम सहयोग, उद्यमशीलता और सामाजिक सहभागिता जैसे जीवनोपयोगी गुणों को भी व्यावहारिक रूप से अनुभव किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार जोशी, प्रधानाचार्या मंजू जोशी, उप-प्रधानाचार्य पी. डी. पलड़िया, समन्वयक कंचन पंत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों व अभिभावकों ने बच्चों की रचनात्मकता, उत्साह और आत्मविश्वास की मुक्तकंठ से सराहना की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें


